25 वर्षों बाद वर्ल्ड इकोनॉमी में बाकी देशों की अगुवाई करेगा भारतः केंद्रीय मंत्री

77

रांची : केंद्रीय मंत्री (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, स्वतंत्र प्रभार) डॉ जितेंद्र सिंह ने भरोसा जताया है कि आने वाले 25 वर्षों में भारत वर्ल्ड इकोनॉमी के मामले में दुनिया की अगुवाई करेगा। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को प्रेस क़ॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अमृत काल का बजट बुधवार को पेश किया।

यह सस्टेनेबल है। हर प्रकार की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता रखता है। 8-9 साल पहले पीएम मोदी ने इस देश के इकोनॉमी की जिस तरह से नींव रखी है, उसी के कारण कोरोना त्रासदी से जूझने के बावजूद यह देश मजबूती से आगे बढ़ता रहा है। आज यह विश्व की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

जिस देश ने वर्षों तक भारत पर राज किया, आज उसकी इकोनॉमी से बड़ी अर्थव्यवस्था हमारे देश की है। मौके पर पार्टी प्रवक्ता प्रतुल सिन्हा, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सहित अन्य भी मौजूद थे। इससे पहले केंद्रीय मंत्री सरला बिरला स्कूल, रांची में बजट पर आयोजित गोष्ठी में शामिल हुए। इसमें टीचर्स, स्टूडेंट्स के साथ बजट पर चर्चा की।

डॉ जितेंद्र सिंह के मुताबिक अभी प्रस्तुत बजट हर प्रकार की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता रखता है। दुनिया भर में कोरोना आपदा आने के बाद 50-60 लाख की मजबूत अर्थव्यवस्था वाले देशों की हालत विकट हो गयी पर भारत की इकोनॉमी आगे बढ़ती रही।

पूरी दुनिया की नजर कोरोना काल में भारत की अर्थव्यवस्था पर थी। पर हमारे देश ने उदाहरण पेश कर बाकी देशों को उम्मीद की रौशनी दिखाई है। आशावाद की किरण भारत में दिखी है। बजट में सरकार ने हर वर्ग की चिंता की है। मोदीजी ने हर वर्ग के आकांक्षा को पूरा करने का माद्दा दिखाया है।

महिला, छात्र, किसान, स्टार्ट अप, मध्यम वर्ग से लेकर बडे बड़े उद्योगों का भी ध्यान रखा है। आने वाले 25 वर्षों में देश की इकोनॉमी ग्रीन ग्रोथ करेगी। ग्रीन एनर्जी पर काम होगा। पिछले 5-6 वर्षों में 11 करोड़ से अधिक घरों में शौचालय बने। 2 करोड़ से अधिक पीएम आवास बन गये। मोदीजी ने देश में नयी राजनीतिक और कार्य संस्कृति विकसित की है।