Jaunpur Crime: पहले गला दबाया फिर हाथ-पैर बांध नहर में फेंका,पिता का दिखा खौफनाक चेहरा

पिता ने बेटे को जमकर पीटा फिर उसकी गला दबाकर जान ले ली।

152

जौनपुर: देश में रोजाना कई ऐसी घटनाएं हो रही हैं वो मानवता को शर्मशार कर रही है। ऐसी ही एक घटना उत्तर प्रदेश के जौनपुर में देखने को मिली जहाँ पिता ने अपने ही बेटे की निर्मम हत्या कर दी है। पहले पिता ने बेटे को जमकर पीटा फिर उसकी गला दबाकर जान ले ली। हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद उसके शव को हाथ-पैर बांध नहर में फेंक दिया। लेकिन ताज्जुब करने वाली बात यह है कि खुद घरवालों के सामने जाकर अपना गुनाह भी कबूल कर लिया। वहीं जब यह खबर पुलिस को पता चली तो पुलिस ने बच्चे के शव को नहर से बरामद कर अपने कब्जे में कर लिया।

दरअसल यह घटना सरपतहां थाना क्षेत्र के कटघर गांव की है। आरोपी पिता का नाम निसार है। उसके दो बेटे और एक बेटी हैं। वहीं, मृतक बच्चे का नाम रेहान है। उसकी उम्र 12 साल बताई जा रही है। वह निसार का सबसे बड़ा बेटा था। घरवालों के मुताबिक रेहान शुक्रवार को गायब हो गया था। जब उसकी खोजबीन की गई तो गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि वह अपने पिता के साथ ही साइकिल पर जाते हुए दिखा था। घरवाले आरोपी निसार का इंतजार कर रहे थे। लेकिन  जब वह घर आया तो रेहान उसके साथ नहीं था। घरवालों ने जब रेहान के बारे में निसार से पूछताछ तो उसने अपने अपराध पर से पर्दा उठाया फिर क्या था घरवाले सन्न रह गए।

बता दें कि रेहान की हत्या से घरवाले सदमे में हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बारे में घरवालों ने खुद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब निसार से पूछताछ की तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। परिजनों ने बताया है कि रेहान छठवीं क्लास का स्टूडेंस था। वहीं आरोपी पिता ने पुलिस को बताया कि वह साइकिल पर बैठाकर रेहान को बाहर ले गया। इसके बाद उसने गमछे से उसका हाथ-पैर बांधा और गला दबाकर हत्या कर दी। फिर शव को छुपाने के लिए नहर में फेंक दिया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पत्नी की 8 वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। सारे बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी निसार की बहन पर थी। निसार सऊदी से कुछ महीने पहले ही वापस लौटा है। बताया जा रहा है कि बहनोई ने सरपतहां थाने में तहरीर देकर निसार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण विक्रम सिंह के मुताबिक, बच्चे के शव को नहर से बरामद कर लिया गया है। हाथ-पैर बांधकर बच्चे को नहर में फेंका गया था। लेकिन इस घटना से ये सवाल खड़ा होता है कि आखिर एक पिता अपने बेटे के साथ ऐसा कैसे कर सकता है।