झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस कल

माले विधायक बिनोद सिंह होंगे उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित

90

रांची : झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस समारोह मंगलवार को है। विधानसभा के 22वें स्थापना दिवस के मौके पर तीन दिनों तक कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

22 नवंबर को विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह के मौके पर उत्कृष्ट विधायक के रूप में चयनित विनोद सिंह और सभा के उत्कृष्ट कर्मियों को सम्मानित किया जायेगा।

कार्यक्रम में राज्यपाल रमेश बैस उदघाटनकर्ता होंगे। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद होंगे। समारोह के पहले दिन देश की सीमा पर और नक्सली हिंसा में शहीद हुए राज्य के जवानों के आश्रित परिवार को सम्मानित किया जाएगा।

साथ ही, राज्य में इस साल 10वीं और 12वीं के टॉपर्स स्टूडेंट्स को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा विधानसभा की त्रैमासिक पत्रिका उड़ान का भी लोकार्पण होगा।

स्पीकर रबींद्रनाथ महतो द्वारा लिखित पुस्तक संसदीय दायित्व के तीन साल का भी लोकार्पण किया जाएगा। 23 नवंबर से सांस्कृतिक सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

इसी कड़ी में 23 नवंबर को ही विधानसभा द्वारा केंद्र-राज्य संबंध पर राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ, रांची और पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च, पीआरएस द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित सम्मेलन में देशभर के विधिक व संसदीय विशेषज्ञ पहुंचेंगे।

देश में पहली बार किसी विधानसभा द्वारा महत्वपूर्ण विषय पर अकादमिक पहल हो रही है़। इसमें केंद्र व राज्य के संबंधों की कानूनी बारीकियों पर चर्चा होगी। सम्मेलन में भारत की संघीय संरचना, केंद्र-राज्य संबंधों की वर्तमान स्थिति पर विचार-विमर्श किया जायेगा।

23 नवम्बर को कुमार विश्वास का काव्य पाठ
23 नवंबर को कवि डॉ कुमार विश्वास और उनके साथियों का काव्य पाठ होगा। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जायेगी़। 24 नवंबर को छात्र सांसद आयोजित किया जायेगा। इसमें राज्यभर के विभिन्न विश्वविद्यालय से चयनित छात्र सड़क सुरक्षा और जागरूकता विषय पर छाया सत्र चलायेंगे।

 

 

यह भी पढ़ें – अरुण गोयल ने चुनाव आयुक्त का पदभार संभाला