जस्टिस एलपीएन शाहदेव की 11वीं पुण्यतिथि मनायी गयी

सीएम ने कहा, न्यायिक सेवा में होते हुए भी झारखंड आंदोलन में बड़ी भागीदारी निभायी थी

74

रांची : झारखंड आंदोलनकारी स्वर्गीय जस्टिस एलपीएन शाहदेव की 11वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वे एक ऐसी विभूति थे, जिन्होंने न्यायिक सेवा में होते हुए भी झारखंड आंदोलन में बड़ी भागीदारी निभायी थी।

उन्होंने बिना किसी दल के बंधन में बंधे हुए अपनी बौद्धिक ऊर्जा से सींचा था। आनेवाली पीढ़ियों को उनके दिखाये गये मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।

जस्टिस शाहदेव को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो, मंत्री रामेश्वर उरांव, मंत्री बादल पत्रलेख सहित कई लोगों ने श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान का याद किया।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि जस्टिस शाहदेव ने झारखंड अलग राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने याद किया कि न्यायमूर्ति शाहदेव झारखंड आंदोलन में गिरफ्तार होनेवाले प्रथम पूर्व न्यायमूर्ति थे।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उन्हें प्रसिद्ध न्यायविद, झारखंड आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाला व्यक्तित्व बताया। भाजपा झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष व राज्यसभा के सांसद दीपक प्रकाश कहा कि वह झारखंड अलग राज्य आंदोलन के अग्रणी पंक्ति के नेता थे।

जस्टिस एलपीएन शाहदेव चौक पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों में न्यायमूर्ति शाहदेव के परिजनों के अतिरिक्त मंत्री रामेश्वर उरांव, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, महापोर आशा लाकडा, भाजपा झारखंड के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय सहित कई नेताओं कार्यकर्ता शामिल रहे।

 

 

यह भी पढ़ें – अपराधियों ने भाजपा नेता सुमित केशरी को मारी गोली, हालत गंभीर