कौस्तव ने एक बार फिर की पार्टी के शीर्ष नेताओं की खिंचाई

तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के लिए आतुर शीर्ष कांग्रेस नेताओं की आलोचना

49

कोलकाता, सूत्रकार : अपने बयानों के लेकर हर समय सुर्खियों में रहने वाले कांग्रेस नेता कौस्तव बागची ने रविवार को एक बार फिर फेसबुक पर विवादित पोस्ट करके सुर्खियां बटोरी है। उन्होंने बंगाल में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर फेसबुक पर एक विवादित पोस्ट किया है।

प्रदेश कांग्रेस नेता कौस्तव बागची ने पार्टी के शीर्ष नेताओं में से एक के कार्यक्रम की तीखी आलोचना की है। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस नेताओं को प्रदेश में चिटफंड के शिकार हुए लोगों, डीए से वंचित सरकारी कर्मचारियों और नौकरी से वंचित युवाओं के लिए न्याय की मांग करनी चाहिए।

आज जब राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा जलपाईगुड़ी की सड़कों पर उतरी तो कौस्तव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि राहुल गांधी और जयराम रमेश जरा ध्यान दें कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार के कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार से राज्य की जनता काफी निराश है और उन लोगों से आपलोगों से काफी उम्मीद है।

ये सभी लोग आपसे सुनने की उम्मीद कर रहे हैं। मुझे समझ में नहीं आता कि जयराम रमेश ममता बनर्जी के प्रति नरम क्यों हैं। कांग्रेस को ममता बनर्जी का हाथ पकड़ने से कब कोई फायदा हुआ?

बता दें कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के राज्य में प्रवेश से ठीक एक दिन पहले बुधवार को ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावना को खारिज कर दिया था। इसके बाद तृणमूल की ओर से भी कांग्रेस पर जोरदार हमला शुरू है।

हालांकि, कांग्रेस की ओर से किसी तीखी प्रतिक्रिया की बात तो दूर, कांग्रेस नेता बार-बार ममता बनर्जी को दोस्ती का संदेश दे रहे हैं। राज्य में कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावना खत्म होने के लिए तृणमूल नेतृत्व ने अधीर चौधरी को जिम्मेदार ठहराया है। तृणमूल ने यह भी संदेश दिया है कि अगर अधीर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाया जाता है तो वह गठबंधन की बातचीत के दरवाजे खोल सकती है।