अमेरिका जाने के लिए कुणाल को मिली हरी झंडी

61

कोलकाता: टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष अमेरिका जाना चाहते हैं। इसके लिए उनको शुक्रवार को कलकत्ता हाईकोर्ट से अनुमति मिल गयी है। कुणाल घोष हाल ही में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ स्पेन की यात्रा के बाद स्वदेश लौटे हैं। तृणमूल राज्य महासचिव का इस बार अमेरिका जाने का कार्यक्रम है। इसके लिए उन्होंने कलकत्ता हाईकोर्ट में एक अर्जी दी थी, जिसे मंजूर कर लिय़ा गया है। इसके बाद कुणाल घोष अमेरिका जा सकते हैं।

2016 में कुणाल घोष को सारधा मामले में सशर्त जमानत दी गई थी। प्रारंभ में उनके राज्य से बाहर जाने पर प्रतिबंध था। इसलिए अगर वह बाहर जाना चाहते हैं तो उन्हें कोर्ट से इजाजत लेनी होगी। इसीलिए स्पेन की यात्रा पर जाने से पहले भी हाईकोर्ट से इजाजत लेनी पड़ी थी। जस्टिस जयमाल्य बागची ने इस बार भी इजाजत दे दी।

कुणाल घोष मुख्यमंत्री के सहयात्री के रूप में स्पेन और दुबई गये थे। चूंकि उन्हें अदालत की अनुमति लेनी पड़ी, इसलिए घर लौटने के बाद उनके वकील अयान चक्रवर्ती ने अदालत को बताया कि कुणाल अदालत के सभी आदेशों का पालन करते हुए स्पेन और दुबई की यात्रा से लौट आए हैं। इसके बाद कुणाल घोष ने अमेरिका जाने की अनुमति मांगी है।

बता दें कि तृणमूल नेता का बेटा अमेरिका में पढ़ाई कर रहा है। कुणाल उससे मिलने जाना चाहते हैं। इस संबंध में सीबीआई ने कोई आपत्ति नहीं जताई। कोर्ट की इजाजत के बाद कुणाल अब वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि वह कब जा रहे हैं, इसके बारे में कुछ भी पता नहीं है।