मदन की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर, स्थिति नाजुक

मदन मित्रा एनीमिया से पीड़ित हैं

60

कोलकाता, सूत्रकार : गंभीर रूप से बीमार कमरहट्टी के विधायक मदन मित्रा एनीमिया से पीड़ित हैं। उनको शुक्रवार की शाम को मुकुंदपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शनिवार को मदन मित्रा को खून चढ़ाया गया। सूत्रों के मुताबिक, उनकी रीढ़ की हड्डी के निचले हिस्से में फ्रैक्चर हुआ है। रविवार को उनका एमआरआई किया गया। एसएसकेएम अस्पताल में इलाज के दौरान तृणमूल विधायक के दाहिने कंधे की हड्डी टूट गई थी।

उसी वक्त सर्जरी की गई थी लेकिन सर्जरी कितनी सफल हुई है, इसे लेकर डॉक्टर संशय में हैं। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक इसलिए इसकी दोबारा जांच करनी पड़ रही है।  ज्ञात हो कि शुक्रवार की शाम गंभीर हालत में उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि शारीरिक स्थिति पहले से कुछ हद तक सामान्य है, लेकिन विशेषज्ञों की राय है कि उन्हें कई दिनों तक इलाज कराना होगा।

गौरतलब है कि कमरहट्टी के विधायक की तबीयत शुक्रवार सुबह से घर पर बिगड़ने लगी थी। समस्या लगातार बढ़ने पर उन्हें दोपहर में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। क्रिटिकल केयर मेडिसिन और हेमेटोलॉजी के डॉक्टर मदन की देखभाल कर रहे हैं।