शुभेंदु ने राज्य सचिवालय नवान्न का किया औचक दौरा

राज्य की बदहाली के लिए तृणमूल सरकार जिम्मेदार

54

कोलकाता, सूत्रकार : दिल्ली में मोदी-ममता की बैठक खत्म होने से पहले राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार सुबह राज्य सचिवालय नवान्न का औचक दौरा किया और राज्य सरकार को आवंटित केंद्रीय धन के उपयोग पर एक पोस्टर अभियान चलाया। वे बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अचानक नवान्न पहुंचे। उनके साथ विधायक शंकर घोष, चंदना बाउरी सहित 4 विधायक थे। पुलिस को शुभेंदु के नवान्न जाने की कोई जानकारी नहीं थी। करीब 20 मिनट बाद वे नवान्न से बाहर आये। उसके बाद उन्होंने कहा कि मैंने राज्य की जनता की मांगों से राज्य के मुख्य सचिव हरि कृष्ण द्विवेदी को अवगत करा दिया है। मुख्यमंत्री के दिल्ली में होने के कारण उस दिन नवान्न की सुरक्षा इतनी कड़ी नहीं थी।

इसी बीच, शुभेंदु बिना किसी को बताए नवान्न पहुंच गए। शुभेंदु ने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य की बदहाली पर बात करने के लिए सांसदों के साथ दिल्ली गयी हैं। मैं यह कहने आया हूं कि यह सरकार पश्चिम बंगाल के लोगों को वंचित कर रही है। प्रशासनिक बैठकों में विपक्ष के विधायकों, सांसदों को नहीं बुलाया जाता है। हमारे समर्थकों या मतदाताओं को शौचालय, आवास योजनाओं से वंचित रखा गया है। बंगाल के लोगों को वंचित करके, केंद्रीय धन से वंचित करके, पश्चिम बंगाल में विपक्ष की आवाज को दबाकर, दिल्ली में नाटक करने के लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मैंने मुख्य सचिव से मुलाकात की है। अगर पहले से बता दिया होता तो वे हमें अंदर नहीं जाने देते। धारा 144 लगी हुई है।

मुख्यमंत्री दिल्ली में प्रधानमंत्री से मिलकर आर्थिक अभाव की बात कर रही हैं। वे खुद यहां के लोगों को वंचित कर रही हैं। यहां पंचायत के वोट लूटे जाते हैं। यह सरकार भ्रष्ट सरकार है। केंद्र सरकार ने इस सरकार को कितना पैसा दिया है? यहां एक सूची दी गई है कि पैसा कैसे बर्बाद किया गया। हाल ही में उत्तर बंगाल में मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित आधिकारिक समारोह में भाजपा ने सांसदों, विधायकों को आमंत्रित नहीं किया। इस तरह राज्य में विपक्ष वंचित है। अधिकारी को मुख्य सचिव के साथ बैठक से पहले अन्य विधायकों के साथ नवान्न में आगंतुक कक्ष में इंतजार करते देखा गया। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भाजपा नेताओं के दौरे के बाद तुरंत राज्य सचिवालय और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई।