ममता इंडिया गठबंधन की मजबूत हिस्साः राहुल गांधी

48

कोलकाता, सूत्रकारः  बंगाल में इंडिया गठबंधन होगा कि नहीं, इस पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हालांकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस की तरफ से कई बार स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि वो पश्चिम बंगाल में  अकेले ही चुनाव लड़ेगी। लेकिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ताजा टिप्पणी से फिर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। एक बार फिर कांग्रेस नेता ने ममता को गठबंधन को लेकर संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ममता अभी भी इंडिया गठबंधन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि ”ममता इंडिया गठबंधन का अहम हिस्सा हैं। शेष सदस्यों में से अधिकांश अभी भी गठबंधन के हिस्सा हैं। नीतीश कुमार गठबंधन छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए हैं। आप समझ सकते हैं कि उन्होंने गठबंधन क्यों छोड़ा। वह ठीक है हम बिहार में भी अखिल भारतीय गठबंधन के रूप में लड़ेंगे इसलिए मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि हमारे कई साथी अब गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं।”

गौरतलब है कि राहुल पहले भी ऐसी बातें कहते नजर आ चुके हैं। हाल ही में गुवाहाटी में कांग्रेस नेता राहुल ने कहा था कि ममता बनर्जी के साथ मेरे व्यक्तिगत और पार्टी दोनों तरह से अच्छे संबंध हैं। छोटे-मोटे मुद्दे हैं। लेकिन जो भी समस्या है उसका समाधान निकला जाएगा। उन्हें ममता के साथ गठबंधन को लेकर आश्वस्त दिखाया। इस बार वह फिर से गठबंधन का संदेश देते नजर आए।