स्वामी विवेकानंद की जयंती पर ममता ने दीं शुभकामनाएं

स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था

36

कोलकाता, सूत्रकार :  भारत के महान आध्यात्मिक गुरु स्वामी विवेकानंद की जयंती के मौके पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुभकामनाएं दीं। माइक्रो ब्लॉगिंग साइट एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शुक्रवार को एक पोस्ट में ममता ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि स्वामी विवेकानंद के जन्मदिन के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि। नमन।

उल्लेखनीय है कि स्वामी विवेकानंद का नाम इतिहास में एक ऐसे विद्वान के रूप में दर्ज है, जिन्होंने मानवता की सेवा को अपना सर्वोपरि धर्म माना। अमेरिका के शिकागो में धर्मसभा में अपने धाराप्रवाह भाषण से अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में आए भारतीय संन्यासी स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था।

 

स्वामी विवेकानंद अपने ओजपूर्ण और बेबाक भाषणों के कारण युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुए। यही कारण है कि उनके जन्मदिन को पूरा राष्ट्र ‘युवा दिवस’ के रूप में मनाता है। उन्होंने मानवता की सेवा एवं परोपकार के लिए 1897 में रामकृष्ण मिशन की स्थापना की। इस मिशन का नाम विवेकानंद ने अपने गुरु रामकृष्ण परमहंस के नाम पर रखा।