चोर होने के संदेह में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

89

 

उत्तर दिनाजपुर: चोर होने के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। उत्तर दिनाजपुर के रायगंज ब्लॉक के गौरी ग्राम पंचायत का इटाल गांव में यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति को बुधवार रात भर पीटा गया। यहां तक ​​कि जब उसने पानी मांगा तो भी उसे पानी नहीं दिया गया। घटना के दौरान कुछ ग्रामीणों ने थाने में सूचना दी थी लेकिन पुलिस रात को उस व्यक्ति को बचाने नहीं पहुंची। नतीजतन, व्यक्ति की जान चली गई। इस मामले में पुलिस की निष्क्रियता पर भी आरोप लग रहे हैं। पुलिस अगली सुबह गुरुवार को मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम रहीम शेख है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिये रायगंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गांव में काफी समय से चोरियां हो रही थी। ग्रामीणों ने रहीम शेख नाम के युवक को इलाके में घूमते देखा। इससे संदेह पैदा हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने रहीम को घेर लिया और उससे पूछताछ करने लगे। रहीम के जवाबों में अनेक विसंगतियां भी पाई गईं जिसके बाद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि उसे बांध दिया गया और बुरी तरह पीटा गया। आरोप है कि उसे लाठी-डंडों और बांस से पीटा गया। फिर जब युवक की हालत बिगड़ने लगी तो उसने पानी मांगा लेकिन उसे पानी तक नहीं दिया गया। पूरे घटनाक्रम को कुछ ग्रामीणों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।