मराठा आरक्षण को लेकर मनोज जरांगे पाटिल अब करेंगे आमरण अनशन

58

मुंबई : मराठा आरक्षण आंदोलन का एक बड़ा चेहरा मनोज जरांगे पाटिल एक बार फिर से आंदोलन करने वाले हैं। लेकिन इस बार वे आमरण अनशन करेंगे। दरअसल, एक बार फिर मराठा आरक्षण आंदोलन का मुद्दा गरमाने लगा है। बीड में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे इस दौरान उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि मराठा आरक्षण की मांग को लेकर 20 जनवरी से मुंबई के आजाद मैदान में वो आमरण अनशन करेंगे। उन्होंने कहा कि मराठाओं का जनसैलाब अंतरावली से मुंबई जाएगा। हालांकी इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की भी की है।
पाटिल ने मुंबई जा रहे मराठा आंदोलन के लोगों से अपील की कि आंदोलन के वक्त आस-पास ध्यान रखिए। आंदोलन को दाग नहीं लगना चाहिए। अगर कोई दंगा करें तो उसे वहीं रोकिए और कोई गाड़ी को जलाने लग जाए तो समझ जाइए ये हमारा आदमी नहीं है। उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दें।

पाटिल ने आगे कहा कि हम देखेंगे की हमारा रास्ता कौन रोकेगा। अगर मराठा मुंबई जाएंगे तो मराठों का विशाल समुदाय पीछे नहीं हटेगा। अब इससे पीछे मुड़ पाना संभव नहीं है। अगर भगवान भी सामने आ जाए तो भी मराठों का आरक्षण मिलकर रहेगा। जरांगे पाटिल ने कहा कि 19 जनवरी तक मुंबई में धारा 144 लागू कर दी गई है। हम 20 को मुंबई जाएंगे। शांति से मुंबई जाएंगे और शांति से वहां से आएंगे।
पूरे मामले पर बयान देते हुए राज्य सरकार में मंत्री छगन भुजबल ने कहा कि उनकी मांगें बढ़ती जा रही हैं, पर महाराष्ट्र सरकार बेबस है। भुजबल ने संवाददाताओं से बातचीत में उपहास करते हुए कहा कि भगवान भी जरांगे से डर गए हैं। जरांगे के सामने कानून-व्यवस्था क्या है? हम ओबीसी के लोग तो छोटे और गरीब लोग हैं।