कोलकाता सहित कई जिलों में छिटपुट बारिश से गिरा पारा

वज्रपात और बिजली गिरने की आशंका

76

कोलकाता: कोलकाता सहित राज्य के विभिन्न जिलों में कई जगहों पर सुबह छिटपुट बारिश हुई। इससे रविवार को तापमान में काफी गिरावट आई है। तापमान गिरने से लोगों ने राहत की सांस ली है।

रविवार से मंगलवार के बीच कोलकाता में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी। कोलकाता में हवा की रफ्तार 50 किमी तक हो सकती है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जतायी जा रही है।

अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में कोलकाता के तापमान में 2 डिग्री की और गिरावट दर्ज की जा सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा था।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना में बिजली गिरने के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है।

इन सभी जिलों में छिटपुट बारिश के साथ ही 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी। वज्रपात और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की चेतावनी दी गयी है।

रविवार को पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। फिलहाल दक्षिण बंगाल में लू नहीं चलेगी। कम से कम अगले 4-5 दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। हालांकि सोमवार और मंगलवार को भी दक्षिण बंगाल में बारिश की संभावना है। दक्षिण बंगाल के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है।