महीने भर शनिवार और रविवार को मेट्रो तीन घंटे नहीं चलेगी

इस दौरान होगा रखरखाव का कार्य

75

कोलकाता: कई दिनों से मेट्रो के समय पर नहीं चलने को लेकर यात्रियों में आक्रोश था। इसी स्थिति में मेट्रो अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि महानायक उत्तम कुमार से कवि सुभाष तक शनिवार और रविवार को एक महीने से अधिक समय तक मेट्रो तीन घंटे 10 मिनट नहीं चलेगी।
उन लोगों ने बताया कि मेट्रो की मेंटीनेंस के काम के लिए इस सर्विस को सस्पेंड किया जाएगा। मेट्रो अथॉरिटी ने बताया कि 6 मई शनिवार से 11 जून रविवार तक दिन में एक निश्चित समय पर महानायक उत्तम कुमार (टॉलीगंज) से कवि सुभाष (न्यू गरिया) तक मेट्रो नहीं चलेगी।

अगले 6 मई, 13 मई , 20 मई , 27 मई और 3 जूनको इन 5 शनिवार को महानायक उत्तम कुमार से कवि सुभाष तक मेट्रो सुबह 6:50 बजे से 10:00 बजे तक नहीं चलेगी। उस समय दक्षिणेश्वर से महानायक उत्तम कुमार तक सामान्य मेट्रो चलेगी।

सुबह 10 बजे से दक्षिणेश्वर से कवि सुभाष तक सामान्य मेट्रो सेवा फिर से शुरू हो जाएगी। 7 मई, 14 मई, 21 मई और 4 जून- इन 4 रविवार को महानायक उत्तम कुमार से कवि सुभाष तक सुबह 9 बजे से 10 बजे तक मेट्रो नहीं चलेगी। इस समय मेट्रो दक्षिणेश्वर से महानायक उत्तम कुमार के लिए चलेगी।

सुबह 10 बजे के बाद दक्षिणेश्वर से कवि सुभाष तक मेट्रो सामान्य रूप से चलेगी। मेट्रो अधिकारियों ने यह भी कहा कि दक्षिणेश्वर और कवि सुभाष के बीच मेट्रो सेवा 28 मई और 11 जून की सुबह 9 बजे के बजाय सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
इस बात की जानकारी देते हुए कोलकाता मेट्रो रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कौशिक मित्रा ने कहा कि मेट्रो सेवाओं को केवल शनिवार और रविवार को विनियमित किया जाएगा।

बाकी दिन मेट्रो हमेशा की तरह चलेगी। यात्रियों के एक वर्ग की शिकायत थी कि मेट्रो कई दिनों से लेट चल रही है। इतना ही नहीं यात्रियों की यह भी शिकायत रहती है कि मेट्रो समय पर नहीं चल रही है तो भी प्लेटफॉर्म के ‘डिस्प्ले बोर्ड’ पर अगली मेट्रो का समय दिखाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि किसी भी ट्रेन को रद्द नहीं किया जा रहा है। मेट्रो समय पर चल रही थी।