मिलिंद देवड़ा शिवसेना शिंदे गुट में हुए शामिल

66

मुंबईः कांग्रेस को छोड़े अभी कुछ ही घंटे बिते होंगे कि मिलिंद देवड़ा ने अपना नया ठिकाना ढूंढ लिया। जी हां, भूतपूर्व कांग्रेसी वर्तमान में शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हो गए हैं। जब वो शिवसेना में शामिल हुए उस वक्त खुद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे वहां मौजूद रहे।

इस्तीफे के बाद सिद्धिविनायक में दर्शन करने पहुंचे मिलिंद
कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद मिलिंद सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की प्रतिमा पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने मीडिया को बताया कि वे आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस से जुड़ी कोई जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

वहीं जयराम रमेश ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि देवड़ा ने शुक्रवार को मुझसे फोन पर बात की थी और अनुरोध किया था कि वह दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) के दावे पर राहुल गांधी से बात करना चाहते हैं। मिलिंद देवड़ा और उनके पिता मुरली देवड़ा दोनों मुंबई दक्षिण से सांसद रह चुके हैं।

मिलिंद देवड़ा ने मुझे शुक्रवार सुबह 8:52 बजे मैसेज किया और फिर दोपहर 2:47 बजे मैंने जवाब दिया- क्या आप स्विच करने की योजना बना रहे हैं? 2:48 बजे उनका मैसेज आया- क्या आपसे बात करना संभव नहीं है? मैंने कहा कि मैं आपको फोन करूंगा और 3:40 पर मैंने उनसे बात की।

रमेश ने आरोप लगाया कि जाहिर तौर पर यह सब एक दिखावा था और उन्होंने जाने का मन बना लिया था। उनके जाने की घोषणा का समय स्पष्ट रूप से प्रधानमंत्री द्वारा निर्धारित किया गया था। रमेश ने ये भी कहा- कौन मिलिंद…मैं उनके पिता मुरली देवड़ा को जानता था।
गौरतलब है कि मिलिंद देवड़ा महाराष्ट्र कांग्रेस के कद्दावर नेता मूरली देवड़ा के बेटे हैं। मिलिंद देवड़ा भी अपने पिता की ही तरह लोगों में काफी लोकप्रिय है। वो दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट से सांसद भी रह चुके हैं। वर्तमान में इस सीट से शिवसेना उद्धव गुट के नेता अरविंद सावंत सांसद है। उन्होंने साल 2014 और 2019 के आम चुनावों में मिलिंद देवड़ा को हराया था। उस दौरान शिवसेना का गठबंधन बीजेपी के साथ था। हालांकि, एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद शिवसेना दो धड़ों में बंट गई। अरविंद सावंत शिवसेना (यूबीटी) का हिस्सा हैं।