दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर विधायक मेंदोला का पलटवार, कहा- कांग्रेस को भटकाने के लिए शुक्रिया सर

95

भोपाल : मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की जंग थम चुकी है लेकिन सोशल मीडिया के अखाड़े में नेताओं की नुरा कुश्ती अब भी जारी है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह विधानसभा चुनाव में हार के लिए ईवीएम मशीन पर सवाल उठा रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने ट्विट पर लिखा है कि ईवीएम को हैक किया जा सकता है। दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट पर प्रदेश में सबसे ज्यादा वोट से जीतने वाले भाजपा विधायक रमेश मेंदोला ने पलटवार किया है। मेंदोला ने पोस्ट कर लिखा कि दिग्विजय सिंह भाजपा की मदद करके कांग्रेस को भटका देते हैं। शुक्रिया सर।

रमेश मेंदोला ने सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट कर लिखा ये देखिए। मैने कहा था ना। आदरणीय दिग्विजय सिंह चुनाव के नतीजों से वाकिफ थे। 2 दिसंबर की रात में ही उन्होंने ईवीएम पर ये ट्वीट ड्राफ्ट करके रख लिया था।मैने 3 तारीख की सुबह ट्वीट कर दिया इसलिए उन्होंने उस दिन ईवीएम पर ठीकरा नहीं फोड़ा, पर आज फोड़ दिया। मेंदोला यही नहीं रुके आगे उन्होंने कहा कि आप कुछ भी कहे मैं दिग्विजय का बहुत सम्मान करता हूं इस तरह के मुद्दे उठाकर वे हमेशा भाजपा की मदद करते है। कांग्रेस को भटका देते है कांग्रेस हार के कारण की समीक्षा नहीं कर पाती और उनके मुद्दों में उलझ जाती है।सर आपका फिर से आभार।

एक अन्य ट्वीट कर मेंदोला ने कहा कि दिग्विजय सिंह जानते है कि चुनाव आयोग ने 2017 में हर पार्टी को ईवीएम हैकिंग की चुनौती दी तब कांग्रेस ने भी इसे ठुकरा दिया था।अब उन्होंने ये मुद्दा उठा दिया। सारे कांग्रेसी इस पर कूद पड़ेंगे,कोई ये नहीं पूछेगा कि खुद उन्होंने चुनाव में कितनी सभा की? हार के कारण क्या थे? शुक्रिया सर! दरअसल, मतगणना वाले दिन (3 दिसंबर) सुबह 9 बजे मेंदोला ने ट्विटर पर लिख दिया था कि दिग्विजय सिंह जी, कमलनाथ जी ने कल रात में ही ईवीएम पर बयान लिख लिया है, अब वो उसे जारी कर सकते हैं। दिग्विजय सिंह ने उस दिन तो नहीं पर आज (मंगलवार)ईवीएम पर दो तीन ट्विट कर दिए।

ये भी पढ़ें : भारतीय संस्कृति की पहचान और वाहक रही है संस्कृत : राष्ट्रपति