गोराबाजार में वृद्ध महिला की हत्या

महिला के शरीर पर जख्म के कई निशान पाए गए

44

कलकाता, सूत्रकार : दमदम के गोराबाजार में रह रही एक अकेली वृद्ध महिला की रहस्यमय मौत की घटना बुधवार को सामने आयी है। उसके घर से शव बरामद किया गया। उसका सिर कुचला हुआ था। पुलिस ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि यह डकैती से जुड़ी हत्या की घटना है या पर्दे के पीछे कोई और रहस्य है।

मालूम हो कि बुजुर्ग महिला का नाम तारा शर्मा है। वह 68 साल की थी। उनके पति अशोक शर्मा एक मल्टीनेशनल कंपनी में बड़े पद पर कार्यरत थे। छह माह पहले उनकी मौत हो गयी थी। तब से वृद्धा गोराबाजार स्थित मकान में अकेली रहती थी। सूत्रों के मुताबिक मंगलवार सुबह के बाद उसको किसी ने नहीं देखा। सूचना मिलने के बाद तारा की बेटी घर पहुंची और उसने उसको बार-बार आवाज दी, लेकिन मां ने कोई जवाब नहीं दिया।

उसके बाद उसने अपनी मां को कई बार फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उसके बाद उसने दमदम थाने को सूचित किया गया। पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो देखा कि उसका खून से लथपथ शव पड़ा हुआ है।

परिजनों का आरोप है कि अकेली वृद्धा की किसी ने हत्या कर दी है। वृद्धा के सिर और शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वृद्धा के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था। इसी कारण उसकी मृत्यु हो गयी लेकिन हत्या के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।