मवेशी चराने के विवाद में हुई थी नारायण सिंह मुंडा की हत्या, 2 आरोपित गिरफ्तार

47

खूंटी : खूंटी थाना क्षेत्र के सरीदकेल साकेटोली गांव के नारायण सिंह मुंडा की हत्या मवेशी चराने के विवाद में कर दी गई थी। इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपितों मंगरा हस्सा उर्फ राय हस्सा और मंगरा पाहन उर्फ पका पाहन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। खूंटी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नारायण सिंह मुंडा और मंगरा हस्सा पड़ोसी थे। कुछ दिन पहले नारायण के मवेशी मंगरा के खेत में चले गए और फसल को नुकसान पहुंचाया था। इस बात को लेकर नारायण और मंगरा के बीच विवाद हुआ था। उसी रात को मंगरा अपने साथियों पका पाहन, सुखराम मुंडा और अन्य सहयोगियों के साथ नारायण सिंह मुंडा के घर पहुंचा और गोली मारने के साथ टांगी से वार कर उसकी हत्या कर दी। इस संबंध में मृतक के पुत्र सुनील मुंडा के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि मंगरा हस्सा की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की टांगी और एक मोबाइल बरामद किया गया। हत्याकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है।

 

ये भी पढ़ें : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंत्री बेबी देवी ने की मुलाकात