झारखंड में सात जनवरी तक कोहरे से राहत नहीं

तापमान में और गिरावट आने की संभावना

67

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। एक सप्ताह के दौरान दो लोगों की ठंड से मौत हो चुकी है। पूरे राज्य में कोहरे व धुंध के साथ कंपकंपी ने अपना असर दिखाना शुरु कर दिया। कोहरे की चपेट में आ जाने से जहां कई फ्लाइट व ट्रेनों की समयसारिणी प्रभावित हैं।

वहीं मौसम विज्ञान केंद्र रांची का पूर्वानुमान है कि 07 जनवरी तक राजधानी समेत आसपास के जिलों में कोहरे या धुंध का असर रहेगा और आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे।

नववर्ष के आगमन के साथ ही पिछले तीन दिनों तक ठंड के कारण छाए कोहरे ने धूप के तेज को कम कर दिया है। वहीं शाम ढ़लते ही ठंडी हवा के कारण कनकनी भी बढ़ने लगी है।

न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। ठंड की वजह से लोग शाम ढलते ही घरों में दुबक जाते हैं। बता दें कि पिछले तीन दिनों से नववर्ष पर आंशिक धूप खिली रही है।

हालांकि, कनकनी लगातार बनी रही। पूरे राज्य में पश्चिमी दिशा से आ रही हवा का असर देखा जा रहा है। देर रात कनकनी ने आमजनों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद कहते हैं कि बढ़ती ठंड को देखते हुए बुजुर्गों व बच्चों के साथ-साथ युवाओं को भी सतर्क रहने की जरुरत है। बेड़ो में ठंड की वजह से एक व्यक्ति की मौत की भी सूचना सामने आ रही है।

साथ ही पूर्वानुमान है कि राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में सुबह कोहरे व धुंध का असर देखने को मिलेगा। बताया कि अगले तीन से चार दिनों तक राजधानी के तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी।

ये है पूर्वानुमान
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक 25.4 डिग्री चाईबासा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री डाल्टेनगंज का रिकॉर्ड किया गया है। वहीं राजधानी रांची में अधिकतम 22.6 डिग्री व न्यूनतम 11.6 डिग्री दर्ज किया गया।
बुधवार को राजधानी का अधिकतम 24 डिग्री व न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस था। गुरुवार को अधिकतम 23 डिग्री व न्यूनतम 09 डिग्री सेल्सियस जबकि शुक्रवार को अधिकतम 23 डिग्री व न्यूनतम 08 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 07 जनवरी तक सुबह में कोहरे या धुंध और बाद में आंशिक बादल छा सकते हैं एवं मौसम शुष्क रहेगा।

 

यह भी पढ़ें – रिम्स में सुरक्षाकर्मियों का प्रदर्शन