अब एक ही पोर्टल से कॉलेज-विश्वविद्यालय में होगी भर्ती

उच्च शिक्षा विभाग करेगा देखरेख

132

कोलकाता। बंगाल के सभी कालेजों में भर्ती के लिए राज्य सरकार अलग से एक पोर्टल शुरू करने जा रही है। शिक्षा विभाग सूत्रों के मुताबिक अगले शिक्षा वर्ष यानी 2024 में सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भर्ती एक ही पोर्टल से होगी।

बता दें, अभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के अलग-अलग पोर्टल हैं। इसके जरिए फार्म भरने वालों की शिकायत रहती थी कि कॉलेज यूनियन विश्वविद्यालयों में भरे जाने वाले फार्म की सूची हासिल कर भर्ती के लिए रुपये की वसूली करते हैं।

इसके बाद लंबे समय से उच्च शिक्षा विभाग योजना बना रहा था कि एक समर्पित पोर्टल बनाया जाए जिसमें सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भर्ती की व्यवस्था हो।

सूत्रों के मुताबिक उच्च शिक्षा विभाग ने पोर्टल लगभग तैयार कर लिया है। इसके देखरेख की जिम्मेवारी भी उच्च शिक्षा विभाग की होगी। भर्ती के समय शिक्षा विभाग के एक निर्दिष्ट बैंक खाते में सभी को रुपये देने होंगे और भर्ती के एक महीने के अंदर संबंधित कॉलेज और विश्वविद्यालय को वे रुपये मिल जाएंगे।

विकास भवन में स्थित राज्य शिक्षा विभाग सूत्रों के मुताबिक भर्ती के समय स्टूडेंट यूनियन के खिलाफ वसूली की लगातार शिकायतों के बाद से इस तरह के समर्पित पोर्टल के बारे में योजना बनाई गई थी।

अब इसका क्रियान्वयन किया जा रहा है। एक दिन पहले राज्य शिक्षा विभाग ने इससे संबंधित निर्देशिका भी जारी की है।

इसमें इस बात का भी जिक्र है कि पहले अलग-अलग विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में भर्ती का समय अलग-अलग होने से छात्र काफी समस्या में पड़ते थे।

कहां भर्ती लें, कैसे लें, यह उनके लिए बड़ा सवाल रहता था लेकिन अब एक पोर्टल के जरिए भर्ती होने पर यह समस्या भी खत्म होगी।