झारखंड में गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल, रांची समेत कई शहरों में 40 डिग्री पार

47

रांची : झारखंड में गर्मी का प्रचंड प्रकोप जारी है। राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। संताल, कोल्हान और पलामू प्रमंडल में तेज धूप और गर्मी से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। अगले चार दिनों तक मौसम साफ रहेगा और गर्मी में इजाफा हो सकता है। रांची का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। संताल, पलामू और कोल्हान के जिलों में भी तापमान बढ़ने की संभावना है।

 

ये भी पढ़ें : भाजपा नेता पर दुष्कर्म का आरोप, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

सबसे अधिक गर्मी सरायकेला-खरसावां जिले में दर्ज की गई है, जहां तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गोड्डा समेत राज्य के आठ शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। गढ़वा में 40.6, जामताड़ा में 40.5, पाकुड़ में 41.7, पलामू में 41.4, देवघर में 40.8 और पश्चिमी सिंहभूम में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। 20 अप्रैल तक आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा। 21 अप्रैल से आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बादलों के कारण तापमान में थोड़ी कमी आ सकती है।