18 दिसंबर को अगरतला का दौरा कर सकते हैं पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विवेकानंद स्टेडियम से त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत कर सकते हैं।

215

अगरतला। देशभर में भाजपा ने अपनी पकड़ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। ऐसे में आने वाले 18 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विवेकानंद स्टेडियम से त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत कर सकते हैं।

मिली जानकारी के अनुसार श्री मोदी मेघालय से वापसी के दौरान यहां आ सकते हैं और विवेकानंद स्टेडियम में जनसभा को संबोधित कर सकते हैं।

यह भी पढ़े : KMC ने रॉक्सी सिनेमा के सामने 13 दुकानों को किया सील

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि प्रधानमंत्री 18 दिसंबर को शिलांग में एक बैठक में शामिल होने वाले हैं। इस बैठक में शामिल होने के लिए पूर्वोत्तर राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया गया है।

इसके बाद श्री मोदी त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के साथ शिलांग से विशेष विमान से दोपहर अगरतला आएंगे।

वहीं राज्य प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि  प्रधानमंत्री के दौरे के विस्तृत कार्यक्रम को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है। कैबिनेट में चर्चा नहीं की गई है। प्रधानमंत्री मोदी अगरतला में तीन घंटे बिताएंगे और एक सभा को संबोधित करने के बाद स्टेडियम से कुछ परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री का दौरा अगले साल फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत का हिस्सा है। प्रधानमंत्री के दौरे के तुरंत बाद देश भर के भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री त्रिपुरा में गतिविधियां शुरू करेंगे। बतादें कि त्रिपुरा में चुनाव कराने के लिए टीम पहले ही बना दी गई है।

भाजपा की पूरी चुनावी टीम अब चुनावी राज्य त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड पर ध्यान केंद्रित करेगी। प्रत्येक राज्य के लिए चुनाव रणनीतियों को अनुभवी पेशेवर संगठनों की सलाह से पार्टी के शीर्ष स्तर द्वारा अनुमोदित किया गया है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने कहा राज्य सरकार भी मतदाताओं की सहानुभूति हासिल करने के लिए अगले कुछ हफ्तों में सरकारी कर्मचारियों, युवाओं और महिलाओं के लिए कई लाभों की घोषणा करने जा रही है। हम अपने काम के प्रदर्शन के आधार पर वोट मांगेंगे और लोग निश्चित रूप से हमें सत्ता में वापस लाएंगे।