संदेशखाली जाने के दौरान लॉकेट व अग्निमित्रा को पुलिस ने लिया हिरासत में

विधानगर कमिश्नरेट की पुलिस ने न्यू टाउन में रोक दिया

44

कोलकाता, सूत्रकार : संदेशखाली जाने के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की प्रतिनिधियों को पुलिस की बाधा का सामना करना पड़ा। सांसद लॉकेट चटर्जी और विधायक अग्निमित्रा पॉल समेत महिला मोर्चा की पांच नेताओं और कार्यकर्ताओं को गुरुवार को न्यूटाउन के विश्व बांग्ला गेट से संदेशखाली जाना था।

महिला दिवस की पूर्व संध्या पर संदेशखाली की पीड़ित महिलाओं के प्रति समर्थन जताने के लिए उनका संदेशखाली जाने की योजना थी। लेकिन संदेशखाली जाने के लिये निकले भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी, विधायक अग्निमित्रा पाल और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष फाल्गुनी पात्रा को विधानगर कमिश्नरेट की पुलिस ने न्यू टाउन में रोक दिया।

भाजपा विधायकों की ओर से लगातार प्रतिवाद करने के बावजूद पुलिस ने भाजपा नेताओं को एक बार फिर हिरासत में ले लिया। इसके पहले पुलिस द्वारा संदेशखाली जाने से रोके जाने पर अग्निमित्रा पॉल, भारती घोष, लॉकेट चट्टोपाध्याय ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया तथा नारेबाजी की।

यह पहली बार नहीं है, जब भाजपा की महिला मोर्चा की सदस्यों को संदेशखाली के रास्ते में रोका गया है। बार-बार अग्निमित्रा पॉल, फाल्गुनी पात्रा सहित महिला मोर्चा की नेताओं ने जाने की कोशिश की लेकिन अंततः असफल रहीं।

हर बार धारा 144 लागू होने के कारण उन्हें रोक दिया गया। कभी संदेशखाली तो कभी धमाखाली से सटे इलाके में भोज हाट यानी संदेशखाली में प्रवेश करने से पहले उन्हें पुलिस की बाधाओं का सामना करना पड़ा है।