डीजे बॉक्स बंद कराने गयी पुलिस की पिटाई, 3 गिरफ्तार

नियमानुसार रात 10 बजे के बाद डीजे बॉक्स बजाने की इजाजत नहीं है

50

कोलकाता, सूत्रकार : आम लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस है लेकिन जब पुलिस ही सुरक्षित नहीं रहेगी तो आम जनता किसके भरोसे सुरक्षित रहेगी। शनिवार की रात को शहर में हुई एक घटना ने पुलिस की सुरक्षा की भूमिका पर सवाल खड़ा कर दिया है। हालांकि इस घटना में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके नाम प्रभात सरकार, बाप्पी सरकार और बाप्पा सरकार हैं। बाकी लोगों की तालाश चल रही है।

क्या है घटना

एंटाली पुलिस स्टेशन थाना इलाके के आनंदपल्ली इलाके में  जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। पार्टी के दौरान रात 1 बजे के करीब डीजे बज रहा था। बॉक्स को बंद कराने गयी पुलिस पर कथित रूप से ना सिर्फ विरोध का सामना करना पड़ा, बल्कि उनपर हमला भी किया गया। यहां तक कि उन पर बर्तनें भी फेंककर मारने की कोशिश की गई। बता दें कि शनिवार को प्रभात सरकार के बेटे का जन्मदिन था। आरोप है कि देरा रात 1 बजे तक डीजे बज रहा था। यह भी आरोप है कि इस पार्टी में कई लोग नशे में थे। प्रभात जिस मकान में रहते हैं, वह पांच तल्ले का है। छत पर यह पार्टी चल रही थी।

नियमानुसार रात 10 बजे के बाद डीजे बॉक्स बजाने की इजाजत नहीं है। उसके बाद भी देर रात 1 बजे के करीब डीजे बज रहा था। उस मकान के आस-पास रहने वाले लोगों ने उनसे डीजे बंद करने को कहा तो वे नहीं माने। उसके बाद स्थानीय लोगों ने डायल 100 पर फोन कर इसकी शिकायत की। सूचना मिलने के बाद एंटाली थाने की पुलिस मौके पर आई। पुलिस ने जब बॉक्स बंद करने को कहा तो पुलिस के साथ उनकी नोकझोंक हो गई। कथित तौर पर आरोपी ने नशे की हालत में एक सिविक वालंटियर और एक सर्जेंट पर हाथ छोड़ दिया। आरोप यह भी है कि इसके बाद उनको जमकर पीटा गया। खबर पाकर वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर और पुलिस बल लेकर पहुंचे। काफी देर के बाद मामला शांत हुआ।