बाबूलाल को जान और समझ चुकी है जनता : ठाकुर

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भारतीय जनता पार्टी के संकल्प यात्रा पर नहीं दफन यात्रा पर है - मिथिलेश कुमार ठाकुर

132

चाईबासा : झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भारतीय जनता पार्टी के संकल्प यात्रा पर नहीं दफन यात्रा पर है। वे पूरी तरह अप्रासंगिक हो चुके हैं। जनता इनके चाल और चरित्र को अच्छी तरह समझ चुकी है। पिछला विधान सभा चुनाव ये अपनी पार्टी बना कर लड़े तो जनता ने इन्हें पूरी तरह नकार दिया। इनकी मंशा थी कि हम अपना पार्टी बना कर चुनाव लड़ेंगे और चुनाव जीत कर यहां राज करेंगे। जनता ने इनकी मंशा पर पानी फेर दिया। ये भाजपा को पानी पी पी कर कोस रहे थे। ये कहते थे कि भाजपा झारखंड को लूट रही है। कुतुबमीनार से कूद जाऊंगा , लेकिन भाजपा में नहीं जाऊंगा। अब अपने स्वार्थ के लिए भाजपा की गोद मे चले गए। श्री ठाकुर ने कहा कि भाजपा की लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनाव में लुटिया डूबेगी। श्री ठाकुर शनिवार को चाईबासा स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा की संकल्प यात्रा पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे। इस दौरान चक्रधरपुर के विधायक और पश्चिमी सिंहभूम जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुखराम उरांव भी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें : तारा शाहदेव मामले में रंजीत कोहली, मुश्ताक अहमद और कौशल रानी दोषी करार 

मुख्यमंत्री की छवि खराब करना और उन्हें विकास कार्य से रोकना मकसद :

एक सवाल के जवाब में मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बार बार नोटिश करना ईडी की मजबूरी है। सभी जानते हैं कि ईडी केंद्र सरकार के हाथ की कठपुतली है। जितनी भी जांच एजेंसिया है केंद्र के इशारे पर काम करती है। जब मुख्यमंत्री न्यायालय की शरण मे हैं और मामला लंबित है , तो बार बार हर दो चार दस दिन में सम्मन भेजने का क्या मतलब है। इतनी क्या बेचैनी है। ऐसा क्या अपराध कर दिया है मुख्यमंत्री ने। इनका सिर्फ एक मकसद है मुख्यमंत्री की छवि खराब करना और उन्हें विकास कार्य से रोकना है । हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा राज्य की जनता के हित मे किये जा रहे कार्यों से भाजपा घबड़ा गयी है। ईडी के इस कदम से मुख्यमंत्री और इंडिया गठबंधन के लोग घबराने वाले नहीं हैं। मुख्यमंत्री का साफ कहना है कि वे किसी घबराने वाले नहीं हैं । जब तक हमे साजिश करके जेल भेजने का काम किया जाएगा , उसके पहले वह 2019 में जनता से जो वायदा किया था , उसे पूरा कर देंगे। राज्य की जनता को उनका हक और अधिकार दिला देंगे। मुख्यमंत्री को जनता की अदालत पर विश्वास है और डुमरी उपचुनाव में जनता ने अपना फैसला दे दिया है।