पनकी हिंसा का मुद्दा उठाते हुए विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने सरकार से किए तीखे सवाल

610

रांची : झारखंड विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को पलामू के पनकी में 15 फरवरी को हुई सांप्रदायिक हिंसा का मुद्दा गरमा गया। पनकी हिंसा का मुद्दा उठाते हुए बीजेपी विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने सरकार से तीखे सवाल किए। शशिभूषण मेहता ने कहा कि मस्जिद में पेट्रोल बम और पत्थर कहां से आए। महाशिवरात्रि के लिए तोरण द्वार बनाने गए लोगों पर पथराव किया गया। पांकी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक शशिभूषण मेहता ने कहा कि सरकार को जांच करनी चाहिए कि मस्जिद के अंदर पेट्रोल बम और पत्थर कहां से आए। इस दौरान जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी और शशिभूषण मेहता के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि सरकार ने उक्त मामले को संज्ञान में लिया है। गौरतलब है कि झारखंड के पलामू जिले में 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के लिए तोरण निर्माण को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई थी। इसमें 2 पुलिस अधिकारियों समेत कुल 8 लोग घायल हो गए। कई दोपहिया और चार पहिया वाहनों में आग लगा दी गई। दुकानों और घरों में भी तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई। मामले में पुलिस ने 100 नामजद और 1000 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। उक्त हिंसा का ही असर है कि पलामू के पनकी में होली तक धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू है।

 

यह भी पढ़ें:  कमीशनखोरी से वीरेंद्र राम की कमाई अरबों में