बांग्ला नववर्ष पर आम लोगों के लिए खुलेगा राजभवन का द्वार

इस दौरान आम लोगों को राजभवन में हेरिटेज वॉक की अनुमति दी जाएगी

264

कोलकाताः बंगाल राजभवन में शनिवार को पहली बार पोइला बोइशाख (बांग्ला नववर्ष) का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान राजभवन आम लोगों के लिए भी खुलेगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल सी वी आनंद बोस ने अपने अधिकारियों को पोइला बोइशाख के लिए व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं।

उन्होंने बताया कि इस दौरान आम लोगों को राजभवन में हेरिटेज वॉक की अनुमति दी जाएगी तथा इसे जन राजभवन कहा जाएगा।

अधिकारी ने बताया कि इस मौके पर सीएम ममता बनर्जी भी मौजूद रह सकती हैं।

अधिकारी ने बताया, शनिवार को राजभवन में पोइला बैशाख (बांग्ला नववर्ष) मनाया जाएगा। इस मौके पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में उपस्थित हो सकती हैं, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। उस दिन राजभवन के द्वार आम लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे। उस दिन से राजभवन को जन राजभवन के नाम से जाना जाएगा।

अधिकारी ने जन राजभवन में हेरिटेज वॉक के बारे में बताया कि आम लोग 1803 में अंग्रेजों द्वारा निर्मित हेरिटेज बिल्डिंग की विभिन्न दुर्लभ चीजों के साक्षी बन सकेंगे।

उन्होंने कहा, हम अभी तक यह तय नहीं कर पाए हैं कि आम लोगों को क्या दिखाया जाएगा और क्या नहीं। हालांकि, लोगों को सुरक्षा कारणों के चलते जन राजभवन के कुछ हिस्सों में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि फिलहाल, लोगों को राजभवन के अंदर स्विमिंग पूल, झूलता पुल, पुस्तकालय और बगीचों के आसपास जाने की अनुमति होगी।