ममता हिंदू विरोधी हैं: शुभेंदु

अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर कोलकाता में निकली विशाल शोभायात्रा

57

कोलकाता, सूत्रकार : अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर पूरे देश के साथ कोलकाता में भी भारी उत्साह देखा गया। इस खुशी के मौके पर महानगर में एक विशाल शोभा यात्रा निकाली गयी।

इस शोभा यात्रा में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी समेत कई बीजेपी नेताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर शुभेंदु ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला। उन्होंने ममता को हिंदू विरोधी बताया। आज दोपहर में ममता की सद्भावना रैली को लेकर भी टिप्पणी की। राज्य के विपक्षी नेता ने इस जुलूस की जरूरत पर सवाल उठाया।

शुभेंदु अधिकारी ने गणेश टॉकीज के पास बैकुंठनाथ मंदिर से सेंट्रल एवेन्यू के राम मंदिर तक एक विशाल जुलूस का नेतृत्व किया। इस जुलूस में भाजपा नेता राहुल सिन्हा समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। हालांकि जुलूस में किसी भी राजनीतिक दल का झंडा नहीं था। शुभेंदु ने कहा कि यह जुलूस गैर-राजनीतिक है। इसका आह्वान किसी राजनीतिक दल की ओर से नहीं किया था। इस जुलूस में कोलकाता के लोगों ने स्वत:स्फूर्त भाग लिया। उन्होंने कहा कि आज 500 साल बाद ऐतिहासिक दिन है, इसीलिए इस तरह के शोभा यात्रा का आयोजन किया गया है।

इस रैली में गेरुआ झंडा लेकर चलते हुए शुभेंदु ने जय श्री राम का नारा लगाते हुए कहा कि देश में गैर-भाजपा राज्यों की सरकारों ने भी आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की है। हालांकि, बंगाल में भाजपा ने राज्य सरकार से छुट्टी घोषित करने की अपील की थी लेकिन राज्य सरकार उस रास्ते पर नहीं चली। आज ऐतिहासिक दिन है। शर्म है तो ममता बनर्जी घर से बाहर नहीं निकलेंगी, सड़क पर नहीं उतरेंगी।