ठंड से कांप रहा रांची, एक की मौत

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

86

रांची :  राजधानी रांची में सर्द हवाओं का असर दिखने लगा है। देर रात कनकनी बढ़ने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। हालांकि जो पूर्वानुमान किए गए हैं, उसके मुताबिक अगले दो दिनों तक राजधानी व आसपास के जिलों में मौसम में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। लेकिन इसके तीन दिनों बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री वृद्धि होने की बात कही जा रही है।

मौसम विज्ञान विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि देर शाम से हवा बहने से कनकनी बढ़ने लगी है। इससे कोहरा व धुंध का असर बढ़ेगा। बता दें कि खूंटी समेत राज्य के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की कमी दर्ज की गई है। उत्तरी झारखंड व पलामू संभाग में ठंड का असर बढ़ने लगा है। ठंडी हवा का असर अगले दो से तीन दिनों के अंदर दिखने लगेगा।

उन्‍होंने बताया पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक 27.8 डिग्री चाईबासा का, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री खूंटी रहा। वहीं राजधानी रांची में अधिकतम 24.4 डिग्री व न्यूनतम 10 डिग्री दर्ज किया गया। आज राजधानी का अधिकतम 25 डिग्री व न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आज 31 दिसंबर को राजधानी में सुबह कोहरे व धुंध का असर दिखेगा और बाद में आसमान साफ रहेगा। 01 व 02 जनवरी को सुबह में कोहरे व धुंध और बाद में आंशिक बादल छा सकते हैं और मौसम शुष्क रहेगा।

इसी दौरान शहर में एक महिला का शव बरामद किया गया है, जिसकी ठंड से मरने की आशंका जताई जा रही है। रनिया थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव निवासी एतवारी मुंडाइन का शव रनिया पुलिस ने गुरुवार को एक पेड़ के नीचे से बरामद किया। स्थानीय ग्रामीणों ने ही शव को देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी थी।

सूचना पर थाना प्रभारी जितेंद्र यादव दल बल के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि एतवारी का शव देखकर लगता है कि ठंड लगने से मौत हुई है। एतवारी 13 दिसंबर से घर से लापता थी। स्वजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद कुछ पता नहीं चलने पर एतवारी के लापता होने के संबंध में रनिया थाना में 26 दिसंबर को जीदन ग्राम संगठन की दीदियों के द्वारा आवेदन दिया गया था। एतवारी जेएसएलपीएस (झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन समाज) से जुड़ी हुई थी।

 

यह भी पढ़ें – रिम्स में नए साल से दिखेगा बदलाव, 400 होमगार्ड की होगी तैनाती