गणतंत्र दिवसः झांकियों को देख तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा रेड रोड

झांकी में दक्षिणेश्वर मंदिर, नाखोदा मस्जिद और चर्च की तस्वीरें थीं

65

कोलकाता, सूत्रकार : गणतंत्र दिवस पर महानगर के रेड रोड में परेड ने सौहार्द का संदेश दिया। ‘एकताई संप्रीति’ की झांकी रखी गई। परेड में बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा था कि धर्म सबका है, उत्सव सबका है। इस बार की झांकी में दक्षिणेश्वर मंदिर, नाखोदा मस्जिद और चर्च की तस्वीरें थीं। झांकी में कई धर्मों के प्रतीकों को सजाया गया था। इन झांकियों को देख तालियों की गड़गड़ाहट से रेड रोड गूंज उठा। इस दौरान लोग बड़े ही आनंद में दिखे। परेड देखने आए बच्चों के हाथों में तिरंगा था। जब वे लोग झांकी को देख रहे थे तो वे अपने हाथ में लिए तिरंगा को लहराते रहे।

सिर्फ समरसता झांकी ही नहीं, कई सरकारी प्रोजेक्ट की झांकियां भी थीं। राज्य सरकार की योजनाएं पथश्री से लेकर लक्ष्मी भंडार तक सभी सरकारी परियोजनाओं की झांकियां परेड में थीं। यह पहली बार है कि सरकारी परियोजनाओं के लाभार्थी भी परेड में शामिल हुए। लक्ष्मी भंडार, कन्याश्री, स्वास्थ्यसाथी के लाभार्थी  भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सुबह करीब 11:30 बजे रेड रोड पहुंचीं। उनके साथ गृह सचिव नंदिनी चक्रवर्ती भी थीं। राज्यपाल सीवी आनंद बोस भी आये। उन्होंने ध्वजारोहण किया।

कोलकाता के साथ ही पूरे उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल में गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया। इसके बाद देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।