उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के कारण झारखंड में सर्दी से राहत

15 जनवरी को सुबह कोहरा, दोपहर में मौसम साफ

75

रांची: पिछले दो दिनों से राजधानी समेत आसपास के जिलों में खिली धूप ने आमजनों को सर्दी के सितम से राहत दी है। उत्तर-पश्चिमी दिशा से बह रही हवा भले शाम के बाद कंपकंपी बढ़ा रही है लेकिन खिली धूप की वजह से दोपहर ठंड से थोड़ी राहत है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची से जारी रिपोर्ट की के मुताबिक 10 जनवरी से पश्चिमी दिशा से बह रही ठंडी हवा में रुकावट की वजह से ठंड का असर थोड़ा कम हुआ है। यह स्थिति पूरे राज्य में बनी हुई है।

यही वजह है कि अगले एक सप्ताह तक पूरे राज्य में अधिकतम तापमान 24 से 31 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 09 से 13 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

केंद्र के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद बताते हैं कि यह स्थिति अगले एक सप्ताह तक पूरे राज्य में रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि राज्य के उत्तरी हिस्से यानी देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा व साहेबगंज के कुछ हिस्सों में सुबह में कोहरे या धुंध के साथ आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।

वहीं 15 जनवरी को राज्य के सभी जिलों में सुबह सवेरे कोहरा या धुंध के साथ आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। 16 जनवरी को राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के कुछ हिस्सों में सुबह में धुंध के साथ आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।

पिछले एक सप्ताह से कोहरे और धुंध के साथ साथ ठंड की कंपकंपी ने ट्रेन व फ्लाइट के संचालन को प्रभावित कर दिया था। कई ट्रेनों और फ्लाइट की समयसारिणी तक प्रभावित हुई।

हालांकि अगले एक सप्ताह तक इससे राहत जरुर मिलेगी। 6 से 12वीं कक्षा तक के बच्चों को भी स्कूल जाने में राहत मिलेगी। बता दें कि पिछले एक सप्ताह तक लगातार बढ़ रही ठंड के मद्देनजर जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधनाें को अवकाश 15 जनवरी तक बढ़ाने का निर्देश दिया था।

मौसम विज्ञान केंद्र ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार व लोहरदगा के कुछ हिस्सों में कोल्ड वेव चलने की संभावना है। जबकि इसके निकटवर्ती जिलों भी इसका असर देखने को मिलेगा।

बताया गया कि अगले दो दिनों तक कहीं-कहीं हल्का का कोहरा छाया रहेगा। हालांकि राजधानी समेत आसपास के जिलों में इससे राहत की उम्मीद है। हालांकि यह स्थिति तीन से चार दिनों तक ही रहेगी। इसके बाद राजधानी व आसपास के जिलों में तापमान गिरने का पूर्वानुमान है।

ये रहेगा राजधानी का तापमान
– 14 जनवरी को राजधानी का अधिकतम 29 डिग्री जबकि न्यूनतम 12 डिग्री
– 15 जनवरी को अधिकतम 26 डिग्री जबकि न्यूनतम 10 डिग्री
-16 जनवरी को अधिकतम 26 डिग्री जबकि न्यूनतम 09 डिग्री रहने की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें – चाईबासा में लगातार तीसरे दिन आईईडी ब्लास्ट