Monk Died : साधु का फंदे से लटका शव बरामद, हत्या की आशंका

मामले में साधिका को पुलिस ने किया गिरफ्तार

110

बीरभूम : सिउड़ी के पुरंदरपुर के बेहरा कालीतला में साधु का फंदे से लटका शव बरामद होने से इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। मृतक का नाम स्वामी भवानन्द उर्फ ​​भुवन मंडल है। परिजनों का आरोप है कि किसी ने उनकी हत्या कर शव को लटका दिया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि शव के पास से एक नोट और एक सोने की अंगूठी बरामद की गई है। दूसरी तरफ साधु की मौत से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। उनकी शिकायत के आधार पर सिउड़ी थाना पुलिस ने मंदिर के निकट जंगल में रहने वाली एक साधिका को गिरफ्तार कर जांच शुरू की। इसी बीच परिवार ने सीबीआई जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार मृतक भुवन मंडल उर्फ ​​स्वामी भवानन्द खैराशोल के पंचरा गांव के रहने वाले थे। उनके बड़े भाई जीवन मंडल ने बताया कि उनका भाई 10-12 साल पहले साधु बने थे। वे घर छोड़कर पुरंदरपुर के बिलबासिनी मंदिर के निकट इलाके में रहने आ गए। वे काफी लोकप्रिय थे। उनके भाई ने शिकायत की कि उनकी वजह से बिलबासिनी मंदिर समिति के सदस्य कम लोकप्रिय हो रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से उनके भाई की हत्या की गई है। उन्होंने सिउड़ी थाना में मंदिर समिति सदस्य कल्याण बनर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

इसे भी पढ़ें : Black Magic : भतीजी की बलि देने गई बुआ को पुलिस मे किया गिरफ्तार

ज्ञात हुआ है कि आरोपी साधिका तीन माह पहले तारापीठ से पुरंदरपुर आई थी। मंदिर के निकट जंगल में एक झोपड़ी बनाई गई थी। स्वामी भवानन्द भी कभी-कभी वहां ठहर जाया करते थे। स्थानीय निवासियों के अनुसार झोंपड़ियों का इस्तेमाल कई असामाजिक गतिविधियों के लिए किया जाता था। यहां कुछ लोग देर रात तक शराब पीते थे। इसी वजह से स्थानीय निवासी उस साधिका से नाराज थे। इसे लेकर उसकी झोपड़ी में तोड़फोड़ की थी। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर महिला को गिरफ्तार किया है। इस बीच, पुलिस ने बताया कि शव के पास से एक नोट और एक सोने की अंगूठी बरामद हुई है। इसमें लिखा है, ‘अंगूठी बेचकर उनका अंतिम संस्कार किया जाए।’ हालांकि मृतक के भाई का कहना है कि लिखावट उनके भाई की नहीं है। उनकी हत्या कर मामले को रफा-दफा करने के लिये नोट छोड़ा गया है। पुलिस सभी पक्षों की जांच कर रही है।