रामलला के दर्शन करने के बाद शिंदे का कांग्रेस पर हमला

एकनाथ शिंदे अयोध्या में अपने शिवसेना के सांसदों और विधायकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते नजर आए

149

अयोध्या। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे राम मंदिर में दर्शन करने के लिए एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे हैं। यहां उनके साथ डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र सरकार के कई अन्य मंत्री के अलावा पार्टी के सांसद और विधायक सहित करीब 3000 शिवसैनिक भी साथ गए हैं। सीएम के तौर पर एकनाथ शिंदे अयोध्या में अपने शिवसेना के सांसदों और विधायकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। यहां उन्होंने राम लला के मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

यह भी पढ़े: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पहुंचे अयोध्या, कहा- रामभक्तों का सपना पीएम मोदी ने सच किया

वहीं मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एक जनसभा को संबोधित करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि शिवसेना प्रमुख रहे बाला ठाकरे ने अयोध्या में राम मंदिर बनाने का सपना देखा था, जिसको पीएम मोदी ने राम मंदिर निर्माण शुरू करके पूरा कर दिया है। यही नहीं सीएम ने बताया कि राम मंदिर बनाने का सपना न केवल बालासाहेब ठाकरे ने देखा था बल्कि लाखों राम भक्तों का भी यह सपना था जो अब पूरा होने के कगार पर है।

वहीं, सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि आज जनसभा का माहौल भगवा हो गया है। सीएम ने बताया कि हमने राम मंदिर का निर्माण का काम आज देखा। पहले सबको लगता था कि राम मंदिर कैसे बनेगा। वहीं पहले लोग कहा करते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे, मगर,तारीख नहीं बताएंगे। लेकिन पीएम मोदी ने वो कर दिखाया है और तारीख भी बता दी है।

एकनाथ शिंदे ने कहा कि अयोध्या का विकास तेजी से हो रहा है। शिंदे ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है, उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को तकलीफ भी होती है। जो आजादी के बाद से हिंदुत्व को लेकर अफवाहें फैलाते आ रहे थे। उनको लगता है कि अगर, हिंदुत्व हर घर में पहुंच गया तो उनकी सियासती दुकानें बंद हो जाएंगी।

बता दें कि इस जनसभा में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि देश में राम का राज्य चलेगा। इस दौरान जो राम को मानेंगे वहीं देश में राज करेगा। वहीं, डिप्टी सीएम ने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए  कहा कि जो भगवान राम का अपमान करते थे वो घर पर बैठ गए। ऐसे में जो राम को मानते थे वो राज कर रहे हैं।