झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रभारी बने शिवराज सिंह चौहान, हिमंत विश्व सरमा बने सह प्रभारी

137

रांची : झारखंड में कुछ महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को चुनाव प्रभारी बनाया है। वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को सह-प्रभारी बनाया गया है। गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने 4 राज्यों में चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति की है। दरअसल, अगले कुछ महीनों में महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू कश्मीर में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। बीजेपी ने महाराष्ट्र में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को प्रभारी नियुक्त किया है वहीं केंद्रीय मंत्री अश्विनी बैष्णव सह प्रभारी बनाये गये हैं। हरियाणा में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को प्रभारी जबकि बिप्लब कुमार देव (पूर्व मुख्यमंत्री) को सह प्रभारी बनाया है। जम्मू कश्मीर में केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को प्रभारी बनाया है।

ये भी पढ़ें : कोटा में JEE कोचिंग छात्र ने की आत्महत्या

बता दें कि शिवराज सिंह चौहान का नाम भारतीय जनता पार्टी में दिग्गज नेताओं में शुमार किया जाता है। सर्वाधिक लंबे समय तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान की स्वीकार्यता केवल अपने गृहराज्य में नहीं है बल्कि हिंदी पट्टी के तमाम राज्यों में लोग उनको जानते-पहचानते है। शिवराज सिंह चौहान 2006 से लेकर 2024 तक लगातार मध्य प्रदेश में विधानसभा का चुनाव जीतते रहे। शिवराज सिंह चौहान 2005 से लेकर 2018 और फिर 2020-23 तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। हाल ही में विदिशा लोकसभआ सीट से 8 लाख से भी ज्यादा मतों से जीत हासिल करने के बाद उनको केंद्र में कृषि मंत्री बनाया गया है। वहीं, हिमंता बिस्वा सरमा पहले कांग्रेस पार्टी में थे। 23 अगस्त 2015 को वे बीजेपी में आ गये। 2021 से लेकर अब तक असम के मुख्यमंत्री हैं।