सौमित्र खान ने पीएम मोदी को बताया विवेकानंद का अवतार, बढ़ा विवाद

बयान के बाद मचा बवाल

108

कोलकाता : पूरे देशभर में आज स्वामी विवेकानंद का जन्मदिवस मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बंगाल से भारतीय जनता पार्टी के सांसद सौमित्र खान ने इस मौके पर बिष्णुपुर शहर के मरुईबाजार इलाके में विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया था। इस दौरान उन्होंने ऐसा बयान दिया जिससे विवाद खड़ा होने लगा है। दरअसल, सौमित्र खान ने पीएम मोदी की तुलना स्वामी विवेकानंद से कर दी।

क्या कहा सौमित्र खान ने…
विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद उन्होंने बयान देते हुए कहा कि स्वामीजी का नरेंद्र मोदी के रूप में पुनर्जन्म हुआ है। विवेकानंद आधुनिक भारत में फिर से मोदी के रूप में अवतरित हुए हैं।
जिस तरह से नरेंद्र मोदी अपनी मां को खोने के बाद भी देश की सेवा कर रहे हैं, देश की सेवा में अपना जीवन दे रहे हैं, मुझे लगता है कि स्वामी जी आधुनिक भारत में एक नवागंतुक के रूप में आए हैं।

इसे भी पढ़ें : PM मोदी की सुरक्षा में चूक, रोड शो के दौरान गाड़ी के पास पहुंचा युवक

फिरहाद हकीम ने बोला हमला…
इतने बड़े बयान के बाद विवाद होना तो लाजमी था। इस बयान के बाद विरोधी दलों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी है। कोलकाता नगर निगम के मेयर और कैबिनेट मंत्री फिरहाद हकीम ने सौमित्र खान पर हमला करते हुए कहा कि ‘इस बार मैं सौमित्र के बारे में कहने को मजबूर हूं कि वह पागल है । स्वामी जी एक ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने जीवन में सब कुछ त्याग कर धर्म और देश की सेवा की’। एक देश की सेवा करता है और इसका आनंद लेता है। स्वामी जी का इस तरह अपमान किया जा रहा है। बंगाल के लोग इसे स्वीकार नहीं करेंगे।