अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के दिन राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

65

रांची : अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर झारखंड में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस दिन राज्य के भी मंदिरों में पूजा-पाठ और प्रसाद वितरण का आयोजन होगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस मुख्यालय ने राज्य के विभिन्न जिलों में 3500 अतिरिक्त बलों की तैनाती की है। साथ ही पुलिस मुख्यालय ने जिलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार 22 जनवरी को यूपी के अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्रस्तावित प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए 3500 अतिरिक्त बलों की प्रतिनियुक्ति हुई है। सभी एसपी और एसएसपी से कहा गया है कि तैनात अतिरिक्त बलों को पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारी के साथ सभी दंगा रोधी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराते हुए विधि-व्यवस्था ड्यूटी के लिए प्रतिनियुक्त करें। यह प्रतिनियुक्ति गुरुवार से 23 तक की गई है।

 

ये भी पढ़ें : गिरिडीह पुलिस ने 6 साइबर ठगों को भेजा जेल

पूर्वी पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) में 300, सरायकेला में 100, खूंटी में 100, सिमडेगा में 100, गुमला में 100, लोहरदगा में 200, हजारीबाग में 300, गिरिडीह में 100 लाठी बल और 50 सशस्त्र बल, कोडरमा में 150, चतरा में 150, रामगढ में 100, बोकारो में 200, पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) में 100, धनबाद में 200, पलामू में 200, लातेहार में 100,गढ़वा में 100, देवघर में 150, दुमका में 150, पाकुड में 100, साहेबगंज में 150, जामताड़ा में 150 और गोड्डा में 150 लाठी बल सहित अन्य बल तैनात रहेंगे।