टी 20 वर्ल्ड कप में भारत की शानदार जीत की खुशियां समेटे सुजीत मुंडा रांची लौटे

लोगों ने किया जोरदार स्वागत

72

रांची : भारत की दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने 17 दिसंबर 2022 को कर्नाटक के बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित हुए टी-20 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में बांग्लादेश को 120 रनों से हराकर इतिहास रच दिया।

इस विजेता टीम का हिस्सा बने रांची के दृष्टिहीन क्रिकेटर सुजीत मुंडा आज लौटे। रांची एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।

राज्यसभा सांसद महुआ माझी रही मौजूद
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए राज्यसभा सांसद महुआ माझी, विधायक राजेश कच्छप, जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार, सुजीत मुंडा की पत्नी सहित मोहल्ले के लोगों ने जारेदार स्वागत किया।

घर पहुंचने के बाद मोहल्ले के लोगों ने भी सुजीत मुंडा का जोरदार स्वागत किया। घर पहुंचते ही घर के मंदिर में उन्होंने पूजा की और भगवान का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में डोले मोहल्ले के लोग सुजीत मुंडा के साथ मौजूद थे।

सुजीत मुंडा ने बताया कि ब्लाइंड टी 20 वर्ल्ड कप के लिए उनका चयन आसान नहीं था। सेलेक्शन से पहले तीन चरण का ट्रायल देना पड़ा। पहले चरण में देश भर से कुल 56 खिलाड़ियों को चुना गया था।

दूसरे चरण में इन 56 में से 29 खिलाड़ियों का चयन हुआ और तीसरे चरण में 29 में से 17 खिलाड़ियों का फाइनल सेलेक्शन हुआ था। जिसमें से वह भी एक थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुजीत मुंडा कई तरह की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेर चुके हैं। साल 2018 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज में उन्होंने हिस्सा लिया है।

इसके बाद 2020 में भारत-पाकिस्तान-बांग्लादेश के बीच खेले गए त्रिपक्षीय सीरीज में भी प्रतिभा का परचम लहराया। इसके साथ ही साथ दुबई में हुए भारत-पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच के ट्रायंगुलर सीरीज में भी हिस्सा ले चुके हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षमता का प्रदर्शन कर चुके सुजीत मुंडा रांची के धुर्वा इलाके के झोपड़पट्‌टी मुहल्ले में रहते हैं। घर चलाने के मजदूरी करनी होती है। बताते चलें कि सुजीत का झुकाव बचपन से खेल की ओर रहा है।

वर्ष 2014 में सुजीत का झारखंड टीम के लिए चयन हुआ था। सुजीत वर्ष 2018 से देश के लिए खेल रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें – कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए रिम्स प्रबंधन ने पूरी की तैयारी