जल्द ही 15 डिग्री से नीचे जाएगा तापमान

राज्य में रविवार को रहा इस मौसम का सबसे ठंडा दिन

51

कोलकाता, सूत्रकार : राजधानी कोलकाता के तापमान में काफी गिरावट आई है। इस सीजन में पहली बार पारा 15 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। कोलकाता में रविवार को न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौजूदा सीजन का सबसे ठंडा दिन है। कोलकाता और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से ठंड नहीं पड़ रही थी। सुबह और रात में कमोबेश ठंड का अहसास हो रहा था। लेकिन आज ठंड ने दस्तक दे ही दी। जिलों में तापमान और भी ज्यादा गिर गया है।

अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार रात का तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। बर्दवान में पारा गिरकर 12.8 डिग्री, बांकुड़ा का तापमान 13.8 डिग्री, बीरभूम, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार का तापमान 15 डिग्री से नीचे पाया गया। कोलकाता भी सर्दी की ओर बढ़ रहा है। अलीपुर में तापमान गिरकर 17.3 डिग्री पर पहुंच गया। इस दिन दमदम में 17.1 डिग्री तापमान रिकार्ड की गयी, जो इस सीजन में अब तक का सबसे कम माना जा रहा है। यानी यह रविवार इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि महानगर में तापमान अभी भी सामान्य से एक डिग्री ऊपर है।

अगले 48 घंटों में कोलकाता में तापमान 15 डिग्री तक गिर सकता है लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। उत्तर-पश्चिम से ठंडी हवा चल रही है इसलिए अगले कुछ दिनों में पारा धीरे-धीरे नीचे आएगा। इस सप्ताह कोलकाता और आस-पास के जिलों में तापमान गिरकर 15 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की उम्मीद है।

वहीं, पश्चिमी जिलों में यह 12 डिग्री से नीचे चला जाएगा। वहीं, रविवार सुबह से ही दक्षिण बंगाल से लेकर उत्तर बंगाल तक सभी जिले घने कोहरे थे। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी। हालांकि अगले हफ्ते उत्तर बंगाल के पहाड़ी इलाकों में बारिश होने की संभावनाएं हैं। आगामी मंगलवार और बुधवार तक दार्जिलिंग, कलिम्पोंग के पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है।

शहर के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय कोहरे की हल्की चादर भी देखने को मिल रही है। भले ही अभी सर्दी नहीं है लेकिन बंगाल के लोग सर्दी के इस स्वाद का लुत्फ उठाने लगे हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। ऐसे में शहरवासियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सर्दी का मौसम और बढ़ सकता है।