Sushant Singh Rajput Death Anniversary : तुम बहुत याद आते हो सुशांत!

113

सुशांत सिंह राजपूत 2020 में आज ही के दिन इस दुनिया को अलविदा कह गए थे। आज उनकी दूसरी पुण्यतिथि है। 14 जून, 2020 को आई उनके निधन की खबर ने पूरे देश को अंदर तक झकझोर कर रख दिया था। 21 जनवरी 1986 को पटना में जन्मे सुशांत आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनके प्रशंसकों ने आज भी उन्हें अपने दिलों में जिंदा रखा हुआ है।

सुशांत ने अपने टैलेंट के दम पर छोटे पर्दे से लेकर बॉलीवुड तक का सफर तय किया था। इस दौरान उन्होंने जीवन में कई उतार-चढ़ाव भी देखे थे। दो साल पहले आज ही दिन उनके मुंबई स्थित घर से उनका शव मिला था। जिन परिस्थितियों में उनकी बॉडी मिली उसे देखकर इसे हत्या बताया गया था लेकिन आज तक उनकी मौत की गुत्थी नहीं सुलझी कि आखिर उनके साथ क्या हुआ था।

आज उनकी डेथ एनिवर्सरी पर उनके फैंस उन्हें काफी याद कर रहे हैं। कई फैंस उनके लिए काफी भावुक संदेश भी भेज रहे हैं तो कई उनके लिए न्याय की आज भी मांग कर रहे हैं। ट्विटर पर आज सुशांत सिंह राजपूत का नाम एक बार फिर से ट्रेंडिंग पर है। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत ने मात्र 16 साल की उम्र में अपनी मां को खो दिया था। वह उनके बेहद करीब थे। मां के जाने के बाद उनका पूरा परिवार पटना से दिल्ली शिफ्ट हो गया था। उन्होंने दिल्ली से ही 12वीं की पढ़ाई पूरी की और IIT की तैयारी करने लगे। अभिनय के क्षेत्र में अपना नाम कमाने वाले सुशांत पढ़ने में काफी होशियार थे। उन्होंने IIT जेईई में पूरे देश में सातवां स्थान हासिल किया था। इसके बाद उन्होंने दिल्ली इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला लिया और अपनी इंजीनियरिंग पूरी की थी। सुशांत को साइंस में काफी दिलचस्पी थी।

वे स्पेस और टेक्नोलॉजी में काफी इंटरेस्ट रखते थे। सुशांत जितने कला में परिपूर्ण थे उतना ही वे भगवान को मानते थे। वे भगवान शिव के भक्त थे। उन्हें केदारनाथ फिल्म के दौरान कई बार दर्शन करते देखा गया है। वे हवाई जहाज भी उड़ाना जानते थे। सुशांत काफी जिंदा दिल इंसान थे। वे जीवन में बहुत कुछ करना और पाना चाहते थे। ऐसे में उनका अचानक इस दुनिया से चले जाना उनके फैंस और देश के लिये बेहद तकलीफ देने वाला है।