कांग्रेस सरकार पर निशाना साध बोले पूनियां, कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसान और युवा तनावग्रस्त

-राजस्थान में इस साल होगा विधानसभा चुनाव

99

जयपुर (राजस्थान):  राजस्थान में इस साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनात पार्टी (बीजेपी) ने राजनीति रणनीति के तहत कांग्रेस सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत नेतृत्व वाली प्रदेश की कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और लचर कानून व्यवस्था के खिलाफ बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है।

इसी क्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने कांग्रेस सरकार पर यह गंभीर आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में राजस्थान के किसान और युवा तनावग्रस्त हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के किसानों को उनके हक से वंचित किया। उन्हें बेवकूफ बनाया है।

वर्तमान सरकार ने प्रदेश के किसानों पर जो 1 लाख 20 हजार करोड़ का कर्जा है, उसे माफ नहीं किया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने यह गंभीर आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की किसान विरोधी नीति के चलते 200 किसानों ने आत्महत्या कर जान दी है।

इसे भी  पढ़ेंः डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के दफ्तर में सीबीआई की छापेमारी

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने
कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और बिगड़ी कानून व्यवस्था को राजनीतिक हथियार बनाया है।

इस बीच बीजेपी की ओर से प्रदेश की 178 विधानसभा क्षेत्रों में जनाक्रोश महासभा की जा रही है। बीजेपी द्वारा सभाओं में कांग्रेस सरकार की नाकामियों को गिनाया जा रहा है।

हनुमानगढ़ और बीकानेर जन आक्रोश महासभा को संबोधित करते हुए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पूनियां ने कांग्रेस सरकार पर किसानों का कर्ज माफ नहीं करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कर्ज माफी नहीं होने से किसानों पर मुश्किलें बढ़ रही है। इस वजह से किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो रहे हैं।

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में जनहित कार्यों को छोड़कर मंत्री और विधायकों की आपसी लड़ाई में उलझे हुए हैं। इसकी वजह से प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नौकरी की कोई उम्मीद नहीं है। बेरोजगारों की संख्या बढ़ रही है। पेपर लीक हो रहे हैं। युवाओं के सपने तोड़े जा रहे हैं।

ये सरकार नौजवानों और किसानों के सपनों को तोड़ने का काम कर रही है। कांग्रेस सरकार के खिलाफ किसान, मजदूर, युवा हर वर्ग नाराज है।

पूनियां ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को राजस्थान से विदा कर देगी। उन्होंने यह भी दावा कि पीएम नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में तीन चौथाई बहुमत से बीजेपी की प्रदेश में सरकार बनेगी।