टैक्स विभाग के अधिकारी अब घर-घर जाकर बकाया प्रॉपर्टी टैक्स वसूलेंगे

कोलकाता नगर निगम ने दिया आदेश

89

कोलकाताः कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के समाप्त होने से पहले टैक्स के पैसे को राजकोष में लाने की कवायद शुरू कर दी है। अब कर विभाग के अधिकारी सप्ताह में 2 दिन घर-घर जाकर टैक्स का पैसा वसूलेंगे। नगर निगम के कर विभाग के अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है। ये लोग प्रत्येक सप्ताह के बुधवार और शनिवार को घर-घर जाकर टैक्स वसूलेंगे। इस संबंध में गाइडलाइंस भी जारी कर दी गई हैं।

कहा गया है कि इंस्पेक्टर घर-घर जाकर देखेंगे कि कहीं किसी का नामांतरण तो नहीं बचा है। जिन लोगों ने अभी तक हाउस म्यूटेशन नहीं कराया है, उनका पता टैक्स विभाग के इंस्पेक्टर लगाएंगे। यह चेक करेंगे कि सही टैक्स दिया जा रहा है या कम टैक्स दिया जा रहा है।

इसे भी पढ़ेंः ममता सरकार ने केंद्रीय वित्तमंत्री को दिया जवाब

साथ ही यह भी आदेश दिया गया है कि इस आदेश का उल्लंघन किया गया तो अधिकारियों पर गाज भी गिरेगी। सूत्रों से पता चला है कि इन दिनों नगर निगम के पास फंड का अभाव हो गया है।

नयी परियोजनाओं को पूरी करने के लिए नगर निगम के पास पर्याप्त फंड नहीं है। ऐसी स्थिति में अब घर -घर जाकर नगर निगम के लोग कर वसूलेंगे।

कोलकाता नगर निगम के कर निर्धारण विभाग के अनुसार इस वित्तीय वर्ष में 700 करोड़ रुपये से अधिक का कर राजस्व एकत्र किया गया है। लेकिन लक्ष्य इससे कहीं अधिक है। इसलिए वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले टैक्स वसूली का काम जोरों पर चल रहा है।

हालांकि, कोई भी पक्के तौर पर यह नहीं कह सकता कि लक्ष्य पूरा हो जाएगा। चालू वित्त वर्ष में अब तक कोलकाता नगर निगम 720 करोड़ संपत्ति कर वसूलने में सफल रहा है।

आरोप है कि बड़े करदाता छूट योजना का लाभ उठाने के लिए टैक्स नहीं दे रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2020-21 में कोलकाता नगर निगम ने 450 करोड़ रुपये की योजना शुरू की। हालांकि लक्ष्य 1.5 अरब रुपये था।