तेजस्वी पहुंचे रांची, राजद के नेताओं ने किया स्वागत

68

रांची : बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव शनिवार को रांची पहुंचे, जहां बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। यहां वे सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे।

हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे। अपनी भेंटवार्ता के लेकर यादव ने कहा कि चुनाव से पहले सभी विपक्षी दलों को गोलबंद कर एक साथ मैदान में आना होगा। क्षेत्रीय दल जिन भी राज्यों में मजबूत है, उनको मजबूती के साथ लड़ाई लड़नी है।

आगे उन्होंने कहा कि सभी पार्टियों की चाहत होती है कि वह ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़े, लेकिन जहां जो मजबूत स्थिति में है, वहां उसे मौका मिलना चाहिए। हम अपनी ताकत बढ़ाएंगे, तभी चुनाव लड़ने के लिए सक्षम हो पाएंगे।

हवाई अड्डे पर राजद के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री श्याम रजक, झारखंड राजद के प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण, राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी और झारखंड राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव समेत अन्य नेता मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों पटना में दोनों पार्टी नेताओं की बैठक के बाद 12 फरवरी को रांची में कार्यकर्ता मिलन समारोह रखा गया था। इसी कड़ी में तेजस्वी यादव रांची पहुंचे हैं।