तापमान लुढ़कने का सिलसिला जारी

विवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है

57

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में तापमान लुढ़कने का सिलसिला जारी है। रविवार को बंगाल में तापमान और गिर गया। अलीपुर मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। रविवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन बताया गया है। कोलकाता के अलावा, बंगाल के अन्य जिलों में भी तापमान में गिरावट जारी है। खासकर बांकुड़ा, पुरुलिया और झाड़ग्राम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां का तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, हालांकि सुबह में हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा लेकिन दोपहर में आसमान साफ हो जाएगा। बंगालवासी सर्दियों का आनंद ले सकते हैं। काफी समय तक सर्दी का दौर बना रहेगा। अगले सप्ताह में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

रविवार को कोलकाता और आसपास के जिलों में तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। वहीं, पश्चिमी जिलों में यह 10 डिग्री सेल्सियस के करीब है। कहीं-कहीं तापमान दस डिग्री से नीचे चला गया है। मंगलवार से बुधवार के बीच तापमान में कम से कम दो डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। उत्तर बंगाल के पहाड़ी जिलों में पारा कम है। मैदानी जिलों में तापमान ऐसा ही रहेगा। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और उत्तरी दिनाजपुर जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। कूचबिहार में अधिक कोहरा रहने की संभावना है।