निशीथ पर हमले के बाद रविवार को भी दिनहाटा में तनाव

भाजपा नेता के घर में लगाई आग, 18 गिरफ्तार

99

दिनहाटा: केंद्रीय गृह-राज्यमंत्री निशीथ प्रामाणिक पर हमले के दूसरे दिन यानी रविवार को भी जिले में तनाव बरकरार है। सुबह में दिनहाटा के कालमाटी में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के घर में आग लगा दी गई है।

इस घटना के बाद भाजपा ने आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन की मदद से यह हमला किया गया है। स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने आरोप लगाया कि मंत्री के काफिले पर हमले के बाद जुलूस में उनके साथ गए अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों और दुकानों पर भी हमला किया जा रहा है।

उनके घरों में आग लगा दी जा रही है। इसके अलावा इलाके में पार्टी कार्यालय में भी तोड़फोड़ की गई है। भाजपा के 26वें मंडल उपाध्यक्ष कृष्णकांत राय के घर में आगजनी और तोड़फोड़ की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय कृष्णकांत घर पर नहीं थे। वह घर लौटे तो देखा कि उनका घर जल रहा है।

इसे भी पढ़ेंः उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में कंझावला कांड दोहराया गया

उधर दूसरी ओर निशीथ प्रामाणिक के काफिले पर हमले और झड़प के मामले में पुलिस ने अब तक 18 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनके पास से आग्नेयास्त्र भी बरामद किए गये हैं।

कूचबिहार जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुमार सन्नी राज ने कहा कि लोगों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी जारी है। उन्होंने बताया कि 6 गोलियां और 3 धारदार हथियार भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा कई तीर और कई कारें भी बरामद की गई हैं। उधर गृह-राज्यमंत्री ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए एक ट्वीट किया है।

उन्होंने हैशटैग के साथ बंगाल हिंसा लिखा है। इसके साथ लिखा है कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि पर हमले की घटना वास्तव में लोकतंत्र पर हमला है। मुझ पर टीएमसी के गुंडों की ओर से किया गया हमला लोकतंत्र पर हमला है।

पूरा देश देख रहा है कि टीएमसी प्रायोजित और समर्थित आतंकवाद किस तरह लोकतंत्र को पंगु बना रहा है। यह राज्य में कानून व्यवस्था की पूरी तरह से नाकामी का सबूत है।

प्रामाणिक के इस ट्वीट के विरोध में उत्तर बंगाल के विकास मंत्री उदयन गुहा ने आरोप लगाया कि यह हमला वास्तव में निशीथ प्रामाणिक की साजिश थी और वह जुलूस पर हमला करने के लिए बाहरी गुंडों को लेकर आये थे। यह उनकी साजिश है।

वे 36 वाहनों के साथ क्षेत्र में प्रवेश किये। हर वाहन में अलग-अलग जिलों के असामाजिक तत्व सवार थे। उन्होंने पार्टी कार्यालयों और बाइकों में तोड़फोड़ की। इसके साथ ही आम लोगों पर भी हमला किया। उन्होंने पुलिस पर रोष व्यक्त करते हुए आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।