पलामू में शांति बहाली के लिए जिला प्रशासन ने दोनों समुदायों के साथ की बैठक

96

रांची :  पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर तोरणद्वार बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद शुक्रवार को शांति बहाली के लिए दोनों समुदायों के लोगों के साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मस्जिद में सिर्फ चार लोग ही जुमे का नमाज अदा करेंगे जबकि महाशिवरात्रि के दिन सिर्फ पांच लोग ही मंदिर में पूजा करेंगे।

जिला प्रशासन शहर का माहौल सुधारने के लिए लगातार कवायद कर रहा है। इसी क्रम में पलामू जोनल आईजी राजकुमार लकड़ा, डीसी ए दोड्डे, एसपी चंदन सिन्हा ने आज दोनों समुदायों के लोगों के साथ बैठक की। इसमें दोनों समुदायों के पांच-पांच लोग शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर तोरणद्वार बनाने को लेकर बुधवार को दो समुदायों में विवाद हो गया। इसमें कई पुलिसकर्मी और आम लोग घायल हो गये। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील है। पुलिस ने 100 नामजद समेत 1000 से अधिक अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया है। साथ ही मुखिया पति समेत 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य उपद्रवियों की धड़पकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस बलों ने गुरुवार को फ्लैग मार्च निकाला था। पलामू में इंटरनेट सेवा को 19 फरवरी सुबह 10 बजे तक के लिए बंद कर दिया गया है।

 

यह भी पढ़ें – अमित शाह पर टिप्पणी मामले में राहुल गांधी को हाई कोर्ट से राहत बरकरार