इस बार कम हुए आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले : के. रवि कुमार

41

रांची : मुख्य चुनाव आयुक्त के. रवि कुमार ने कहा कि चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। केंद्रीय चुनाव आयोग का निर्देश मिलते ही झारखंड में आदर्श आचार संहिता के निष्प्रभावी होने की घोषणा कर दी जाएगी। वे बुधवार को निर्वाचन सदन, धुर्वा में चुनावी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। रवि कुमार ने बताया कि पिछले दो लोकसभा चुनावों की अपेक्षा इस बार सबसे कम आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले दर्ज किये गये हैं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के 318 मामले दर्ज किये गये थे जबकि 2019 के लोकसभा चुनाव में यह संख्या 193 रही थी। इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव में यह संख्या महज 101 रही है। उन्होंने कहा कि यह सब जागरुकता अभियानों और मीडिया की सकारात्मक भूमिका के कारण संभव बन पड़ा है।

ये भी पढ़ें : झारखंड गठन के बाद निशिकांत दुबे लगातार चौथी बार जीतने वाले सांसद बने

रवि कुमार ने चुनाव निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही इसे सफल बनाने में सहभागी बने चुनाव कार्य से जुड़े सभी पदाधिकारियों, कर्मियों, पुलिसकर्मियों, बाहर से आये सुरक्षाबलों, मतदाताओं, सभी राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों समेत मीडियाकर्मियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। रवि कुमार ने कहा कि मीडिया का निर्वाचन आयोग के हर संदेश को घर-घर तक पहुंचाने में काफी सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि फार्म 20 के तहत विधानसभावार मतदान का आंकड़ा सार्वजनिक किया जा चुका है। साथ ही कहा कि पूरे चुनाव के दौरान राज्य में कही भी हिंसक घटना नहीं हुई। सबसे संतोष की बात यह रही कि इस चुनाव में नक्सली घटना भी शून्य रही।