जर्जर मकान का एक हिस्सा गिरा, महिला की मौत

महिला सहित तीन लोग दबे हुए थे

71

कोलकाता: उत्तर कोलकाता के पाथुरियाघाटा इलाके में पुराने मकान का हिस्सा टूट कर गिर गया। हादसे में इला अग्रवाल नामक एक महिला की मौत हो गई जबकि एक नाबालिग सहित दो अन्य लोग घायल हैं। दोनों घायलों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया है।

पुलिस ने बताया कि बुधवार रात 10:30 बजे के करीब 100 साल पुरानी एक पांच मंजिला इमारत के तीसरे तल का हिस्सा टूट कर गिर गया। तेज आवाज की वजह से आसपास के लोगों ने जब बाहर निकलकर देखा तो गिरे हुए मकान के मलबे में महिला सहित तीन लोग दबे हुए थे। कोलकाता पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। अग्निशमनकर्मियों की मदद से रात करीब 3:00 बजे मलबे को हटाया गया, जहां से एक महिला का शव बरामद हुआ। मलबे में दबे दो घायलों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया है। कोलकाता नगर निगम ने इस इमारत को खतरनाक घोषित किया था।