तृणमूल प्रत्याक्षी पर लगा कांग्रेस कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप

123

मालदा : पंचायत चुनाव के बाद मालदा में फिर राजनीतिक हिंसा का मामला सामने आया है। इस बार एक कांग्रेस कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है और आरोप तृणमूल प्रत्याशी और उसके पति पर लगा है। वहीं घटना में पांच कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए हैं जो अस्पताल में इलाजरत हैं।

जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार की रात मालदा जिले के रतुआ थाना क्षेत्र के भादो ग्राम पंचायत के रामपुर इलाके में हुई। मृतक कांग्रेस कार्यकर्ता का नाम फातिकुल हक(24) है। घायलों में से एक का नाम हबीबुर रहमान है। आरोप है कि भादो ग्राम पंचायत की तृणमूल उम्मीदवार रोजिना बीबी और उसके पति तोफाजुल हक ने हमला करवाया है।

स्थानीय और पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार रात भादो ग्राम पंचायत में तृणमूल उम्मीदवार रोजिना बीबी ने चुनाव जीता। वहीं जीत के बाद इलाके में विजय जुलूस निकला गया। उस जुलूस में रोजिना बीबी के पति और उनकी पार्टी के कार्यकर्ता फतिकुल हक के घर के सामने पटाखे फोड़ रहे थे। फतिकुल ने उसका विरोध किया। कथित तौर पर उस वक्त उनकी जमकर पिटाई की गई। यह भी आरोप है कि उसके सिर पर बांस से वार किया गया। यह देख फतिकुल के चाचा हबीबुर्रहमान समेत परिवार के लोग उसे बचाने आये लेकिन उन्हें जमकर पीटा भी गया।

फतिकुल और उनके चाचा हबीबुर की हालत बिगड़ने पर उन्हें मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। इलाज के दौरान बुधवार की सुबह फातिकुल हक की मौत हो गयी। आरोपी के खिलाफ रतुआ थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है। रतुआ थाने की पुलिस घटना की जांच में जुट गयी है।