संदेशखालीकांड में तृणमूल नेता शिबू हाजरा गिरफ्तार

पीड़िता महिला के बयान पर शिबू और उत्तम के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज

45

कोलकाताः लगातार राजनीतिक दबाव के बाद संदेशखाली में महिलाओं से यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर अब जाकर पुलिस हरकत में आई है। संदेशखाली मामले में मुख्य आरोपी तृणमूल नेता शाहजहां शेख के करीबी और तृणमूल नेता शिव प्रसाद हाजरा उर्फ शिबू हाजरा को पुलिस ने शनिवार की शाम को गिरफ्तार कर लिया है।

इससे पहले आज ही पुलिस ने संदेशखालीकांड में गैंग रेप की धारा भी जोड़ी है। उसके बाद ही शिबू हाजरा की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने शिबू हाजरा और उत्तम सरदार के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की धारा के साथ ही हत्या की कोशिश की धारा भी लगाई है।

डीजीपी राजीव कुमार की प्रेस कॉन्फ्रेंस के 10 मिनट के भीतर ही आरोपी तृणमूल नेता शिवप्रसाद हाजरा को गिरफ्तार कर लिया गया। खबर है कि उसे नैजाट थाना इलाके से गिरफ्तार किया गया है। डीजीपी ने आश्वासन दिया कि संदेशखाली की स्थिति को देखते हुए धारा 144 हटा ली जायेगी।

अगर कोई समस्या हो तो स्थानीय लोग सीधे पुलिस की मदद लें। पुलिस मदद के लिए तैयार है। हालांकि, शेख शाहजहां की गिरफ्तारी को लेकर डीजीपी का साफ कहना है कि ईडी ने शाहजहां के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है तो उसे गिरफ्तार क्यों नहीं किया? डीजीपी ने कहा कि इसके बाद जब राज्य पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू की तो ईडी ने जांच बंद कर दी।

उन्होंने कहा कि हमें 8 फरवरी से पहले संदेशखाली से कोई शिकायत नहीं मिली है। इसके बाद से हमें मिलीं सभी शिकायतों की जांच की जा रही है। संदेशखाली की महिलाएं बिना किसी डर के पुलिस के पास जा सकती हैं और अपनी बात रख सकती हैं।

गौरतलब है कि शिबू हाजार के साथी उत्तम सरदार को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि एक महिला ने पुलिस को गुप्त बयान दिया है। उसकी शिकायत के आधार पर उत्तम और शिबू के खिलाफ मामले में सामूहिक दुष्कर्म की धारा जोड़ी गई। शनिवार को उत्तम को बशीरहाट सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

इधर बशीरहाट पुलिस जिला अधीक्षक हुसैन मेहदी रहमान ने कहा कि संदेशखाली अब नियंत्रण में है। यह धारा सामूहिक दुष्कर्म के आरोप के कारण जोड़ी गई थी। पूरे मामले की जांच करायी जायेगी। पिछले सप्ताह संदेशखाली में हुई हिंसा की घटनाओं में उत्तम का नाम शामिल था। इसके बाद सत्तारूढ़ तृणमूल ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया था। उसके कुछ देर बाद ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। कुछ ही घंटों में उसे फिर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

आज संदेशखाली जाएंगे राज्य के मंत्री

तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख 43 दिन बाद भी लापता है। संदेशखाली मामले को लेकर बंगाल से लेकर दिल्ली तक हंगामा हो रहा है। वहीं, बंगाल की सियासत में संदेशखाली को लेकर तनाव है। विपक्षी दलों को संदेशखाली में प्रवेश करने की अनुमति पुलिस प्रशासन द्वारा नहीं दी जा रही है।

इससे विपक्षी खेमा काफी नाराज है। इस बीच संदेशखाली के ‘लोगों का गुस्सा कम करने’ के लिए राज्य सरकार के तीन मंत्री रविवार को वहां का दौरा करेंगे। हालांकि मंत्रियों के पहुंचने से पहले शनिवार की शाम को संदेशखाली में महिलाओं से यौन उत्पीड़न समेत तमाम अत्याचारों के आरोपी तृणमूल नेता शिबू  हाजरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु, पार्थ भौमिक और सुजीत बसु नैजाट पुलिस स्टेशन के ब्लॉक नंबर 1 में सेहेरा-राधानगर ग्राम पंचायत के सीरा बाजार जाएंगे। वे लोग वहां संदेशखाली के निवासियों से बात करेंगे। इन दिनों संदेशखाली में धारा 144 लागू है।

शुक्रवार को भाजपा की केंद्रीय कमेटी की टीम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी को धमाखली के रामपुर में ही रोक लिया गया था। इसके बाद इन लोगों ने सड़कों पर बैठकर जोरदार प्रर्दशन किया था।