हावड़ा में तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या, तालाब से शव बरामद

मृतक की पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप

68

हावड़ाः राज्य में पंचायत चुनाव से पहले तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या होने की घटना घटी। इस घटना के विरोध में आमता थाने के चंद्रपुर पंचायत के चतरा मोल्लापाड़ा इलाके में हंगामा मचा हुआ है।

मृत तृणमूल कार्यकर्ता का नाम लाल्टू मिड्या (33) है। उसका शव घर के सामने स्थित तालाब से बरामद किया गया। वह पेशे से टोटो चलाता था। बाद में विरोध में आमता चंद्रपुर में सड़क पर टायर जलाकर तृणमूल कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने पथावरोध भी किया था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और स्थिति को काबू में किया।

इसे भी पढ़ेंः राजीव लोचन बख्शी सूचना एंव जनसंपर्क विभाग के नए निदेशक

पुलिस ने बताया कि लाल्टू शनिवार रात करीब आठ बजे घर लौटा। पारिवारिक सूत्रों से पता चला है कि वह गाड़ी घर में रखकर खाना खाने चला गया।

इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ बैठकर बातचीत करने लगा। वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों की ओर से खोजबीन शुरु की गयी। काफी खोजबीन होने के बाद उसका कोई अता-पता नहीं चला तो उन लोगों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की।

उसका फोन भी बंद आ रहा था। इसी बीच सुबह में लाल्टू के घर से कुछ ही दूर पर तालाब में उसका शव देखा गया। घरवालों ने जाकर लाल्टू की शिनाख्त की।

मृतक की पत्नी ने कहा कि उसका पति रात 9 बजे के करीब घर आया था। उसके बाद उसने अपना फोन रखकर चला गया। उसने आरोप लगाया कि एक हफ्ते पहले कई लोगों ने उसके घर में तोड़फोड़ की गयी थी।

पत्नी ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से उसके पति को प्रताड़ित किया जा रहा था। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति की हत्या कर दी गयी है।